ट्यूशन से घर जाने निकली छात्रा को ऑटो चालक ले जाने लगा सुनसान जगह, लड़की की चीख सुन दौड़े लोग, लोगों ने आरोपी की पिटाई कर किया पुलिस के हवाले

Spread the love

अंबिकापुर : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जहां एक ऑटो चालक नशे की हालत में छात्रा को ट्यूशन से घर के बजाय सुनसान इलाके में गलत इरादे से लेकर जा रहा था. हालांकि स्थानीय लोगों ने ऑटो चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया. यह पूरा मामला गांधी नगर थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक 13-14 साल की छात्रा देर शाम ट्यूशन के बाद ऑटो से अपने घर लौट रही थी. आरोप है कि चालक ने उसे घर पहुंचाने के बजाय कॉलेज ग्राउंड की तरफ ले जाना शुरू कर दिया. इस दौरान बच्ची ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई.
बच्ची की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों और ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने ऑटो को रोक लिया. इसके बाद छात्रा को सुरक्षित ऑटो से बाहर निकाला और आरोपी चालक पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया.
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. छात्रा के बयान और घटनास्थल से जुड़ी परिस्थितियों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. आरोपी चालक के खिलाफ लगे आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है.

Author