सत्ता और संगठन के सर्वे के साथ ही प्रभारी भी टटोल रहीं दावेदारों की नब्ज

Spread the love

छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा ने प्रदेश में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। सत्ता और संगठन के सर्वे के साथ ही प्रदेश प्रभारी ने भी अपने स्तर पर टिकट के दावेदारों के साथ-साथ संभावित प्रत्याशियों के बारे में रायशुमारी शुरू कर दी है। 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने 39 में से 8 विधायकों के टिकट काटे थे। यही नहीं 43 नए चेहरों को मैदान में उतारा था और 47 पुराने चेहरों पर भी दांव लगाया गया था।

यही वजह है कि 15 साल बाद कांग्रेस 68 सीटों के साथ एकतरफा बहुमत हासिल कर सरकार बनाने में सफल हुई थी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस के 71 में से आधे विधायकों की परफार्मेंस को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। बड़े नेता भी इससे इंकार नहीं कर रहे हैं ऐसे में सत्ता में वापसी के लिए कांग्रेस अपने विधायकों की टिकट काटने की तैयारी में है। संख्या कितनी होगी यह भविष्य के गर्भ में है लेकिन बताया जा रहा है कि बड़े पैमाने पर कांग्रेस नए चेहरों को मैदान में उतारेगी।

जो मिलने आ रहे हैं उनमें भी सीरियस कैंडिडेट की तलाश

बताया गया है कि राजीव भवन या सर्किट हाउस में टिकट के दावेदार सैलजा से लगातार मिलने आ रहे हैं। इस दौरान सभी अपना बायोडाटा सैलजा को दे रहे हैं। सैलजा हर दावेदार से एक सवाल कर रही हैं- कि आखिर आपको टिकट क्यों दी जाए। कई सीटिंग एमएलए वाली सीटों से भी दावेदार से एक सवाल और हो रहा है कि आखिर जीते हुए विधायक कि टिकट क्यों काटे। ऐसे में कई लोग स्थानीय विधायकों और छाया विधायकों की लंबी चौड़ी शिकायत भी कर रहे हैं। इन बायोडाटा के आधार पर भी सीरियस कैंडिडेट के बारे में जांच-पड़ताल की तैयारी चल रही है।

सह-प्रभारी हर विस में खोज रहे दावेदार
सहप्रभारी विजय जांगिड़ और चंदन यादव लगातार बैठकें ले रहे हैं। वे पार्टी के पुराने और नए नेताओं से हर विधानसभा में सक्रिय तीन बड़े उम्मीदवारों की सूची तैयार कर रहे हैं। पार्टी उम्र और सोशल इंजीनियरिंग का विशेष ध्यान रखकर केवल जिताऊ कैंडिडेट को टिकट देने वाली है।

समीकरणों के साथ महिलाओं पर फोकस
सामान्य सीटों में क्षेत्रीय संतुलन के साथ महिलाओं पर पूरा फोकस किया जा रहा है। पिछली बार कांग्रेस ने 13 महिलाओं को टिकट दी थी इनमें से 11 महिलाएं विधानसभा पहुंची थीं। सैलजा ने सक्रिया महिला नेत्रियों और महिला दावेदारों की जानकारी भी ले रही हैं। उन्हें मौका भी दिया जा सकता है।

जिनका विरोध उन्हें खतरा ज्यादा
पार्टी सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस सरकार के कामकाज से जनता खुश है लेकिन कई जगह पर विधायकों से जनता खुश नहीं है। ऐसी सीटों पर लोगों और कार्यकर्ताओं के फीडबैक के आधार पर चेहरे बदलने की तैयारी की जा रही है। इनमें पैराशूट विधायकों की संख्या ज्यादा है।

 

Author