वैशाली नगर में प्रत्याशी के लिए मांगा जा रहा जनमत

Spread the love

छत्तीसगढ़ राज्य की वैशाली नगर विधानसभा सीट विधायक विद्यारतन भसीन के स्वर्गवास के बाद से खाली है। अब इस सीट से दावेदारी के लिए भाजपा नेता अपने-अपने तरीके से चाल चल रहे हैं। कुछ गुटों ने अपने आका का नाम आगे करने के लिए सोशल मीडिया में वोटिंग वार करना शुरू कर दिया है। इसे लेकर पार्टी में विरोध हो रहा है। कुछ नेताओं का कहना है कि इसको लेकर एफआईआर दर्ज होनी चाहिए।

वैशाली नगर विधानसभा से दावेदारी के लिए भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया वार शुरू कर दिया है। विधानसभा क्षेत्र में एक नहीं तीन अलग अलग आनलाइन वोटिंग के लिए लिंक वायरल किए जा रहे हैं। हालत यह हो गई है कि बड़े नेताओं के चमचे एक दूसरे को फोन करके लिंक भेज रहे हैं और अपने आका के नाम पर वोटिंग करने को कह रहे हैं। हालांकि भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश बिचपुरिया ने इसे फेक सर्वे बताते हुए इस बारे में कोई भी जानकारी होने से मना किया है। इसे लेकर पार्टी में तगड़ी खींचतान शुरू हो गई है। सोशल मीडिया में वायरल हो रहे इस वोटिंग सर्वे को लेकर कई नेताओं ने एफआईआर कराने तक की मांग कर दी है। जबकि कुछ लोगों का कहना है कि ये अपने नेता को प्रोजेक्ट करने का घटिया षड़यंत्र है।

विधानसभा चुनाव 2024 सर्वे हो रहा ट्रोल
एक नेता ने वोटिंग सर्वे बनाया, लेकिन उसे यह नहीं पता था कि विधानसभा चुनाव साल 2023 में होंगे। उसने वैशाली नगर भाजपा के प्रत्याशी के रूप में आप 2024 में किसको देखना चाहेंगे। इसे लेकर सोशल मीडिया ग्रुप में जमकर खिल्ली उड़ाई गई।

बड़े दावेदारों को प्रजेक्ट करने की बताई जा रही चाल
एक अन्य सर्वे में वैशाली नगर भाजपा के प्रत्याशी के रूप में आप 2023 में किसको देखना चाहेंगे। इस हेडिंग से वोटिंग कराई जा रही है। इस सर्वे में कई नए चेहरों का नाम दिया गया है। भाजपा नेताओं का कहना है कोई पिता की सहानुभूति के बल पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है, तो कोई अपने धन और वैभव को भनाने में लगा है। इसीलिए वो अपने चमचों से अपने नाम का सर्वे करा रहे हैं।

वोटिंग की दौड़ में कई बड़े नेताओं के भी नाम
वोटिंग की बात फैलते ही विधानसभा क्षेत्र में एक तीसरा वोटिंग सर्वे भी शुरू हो गया है। इसमें कई बड़े नेताओं के नाम हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि दूसरे सर्वे में उनके नाम नहीं डाले गए थे। अब ये वोटिंग का ऑनलाइन लिंक कौन वायरल कर रहा है। ये किसके निर्देश पर हो रहा है। इस बारे सभी लोग अनजान बन रहे हैं।

पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने कहा दर्ज होनी चाहिए एफआईआर
भिलाई नगर निगम के पूर्व नेता प्रतिपक्ष रिकेश सेन ने कहा कि पार्टी के सर्वे गुप्त रूप से होते हैं। पार्टी किसी से पूछ कर सर्वे नहीं कराती है। कुछ स्वयं भू नेता हैं जो अपने नाम को आगे करने के लिए ऐसा फेक सर्वे करा रहे हैं। यह पार्टी गाइडलाइन के खिलाफ है। इस पर एफआईआर दर्ज कर ऐसा करने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

 

Author