छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गुरुवार को चित्रकोट विधानसभा पहुंचे। यहां तोकापाल में आयोजित संकल्प शिविर कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। CM ने कहा कि, BJP की सरकार में स्कूलें बंद हुईं। हमने खुलवाई। फर्जी नक्सल केस में एनकाउंटर हुआ। ग्रामीणों को जेलों में ठूंसा गया। उन्हें हमने बाहर निकाला। पूरे बस्तर समेत छ्त्तीसगढ़ में काफी परिवर्तन आया है।
CM भूपेश बघेल ने कहा कि, चित्रकोट विधानसभा को मैं बहुत करीब से जानता हूं। जब नंदकुमार साय अध्यक्ष थे उस समय मैं यहां आता था। उस समय फर्जी एनकाउंटर के केस आते थे। आदिवासियों को नक्सली बताकर जेल में डाल दिया जाता था। वनोपज की खरीदी नहीं होती थी। लेकिन, अब हमारी सरकार आने से बदलवा आया है। हमने यहां के किसानों, मजदूरों को काम दिया है। उनके जेब में पैसा डाला है। गांव के लोगों का मान-सम्मान लौटाया है। जल-जंगल-जमीन यहां के लोगों का ही है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने व्यक्तिगत पट्टा, सामुदायिक पट्टा, और वनाधिकार पट्टा बांटा है। हमने रोजगार दिया, लोगों की आमदनी बढ़ी है। इसलिए गांव-गांव में लोग ट्रैक्टर खरीद रहे हैं। बाइक खरीद रहे हैं। बस्तर के कई अंदरुनी गांव तक बिजली पहुंचाई गई है। सोलर पंप लगाए हैं। सड़क बनी, पुल-पुलिया बने हैं। इंद्रावती नदी में कई एक के बाद एक पुल बनाए जा रहे हैं। यह बदलाव सिर्फ हमारी सरकार ने ही किए हैं। पहले बस्तर में मलेरिया से कई मातें हुआ करती थी। लेकिन आज की स्थिति पहले से विपरीत है।
स्वास्थ्य के क्षेत्र में किया काम
हमने हार्ट बाजार क्लीनिक योजना की शुरुआत की है। जिसका फायदा इलाके के ग्रामीणों को भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि, भाजपा की सरकार में केदार कश्यप शिक्षा मंत्री थे। बस्तर समेत प्रदेशभर में कई स्कूलें बंद हुईं। लेकिन जब हमारी सरकार आई तो हमने स्कूलें खोली। स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल खोले गए हैं। CM ने कहा कि, भले ही हमें इंग्लिश न आए लेकिन हमारे बच्चे सीखें। युवाओं को रोजगार देने के लिए हमने बस्तर फाइटर्स फोर्स का गठन किया। 2100 युवाओं की भर्ती की गई।
अब अबूझमाड़ के बच्चे राष्ट्रीय स्तर का पुरस्कार ला रहे हैं। इंडियाज गॉट टेलेंट में बच्चे जा रहे हैं। उनकी मेहनत है और हम उन्हें मौका दे रहे हैं। बस्तर के गायता, पुजारी को 10-10 हजार रुपए सालाना दे रहे हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का वेतन बढ़ाया गया है। पिछली सरकार अपनी पसंद से जूता-चप्पल, टीवी, मोबाइल देती थी। हमारी सरकार गरीबों को पैसे दे रही है। ताकि हर एक व्यक्ति अपनी पसंद से सामान खरीदे।









