तीन महीने पहले ही बना है सर्विस लेन

Spread the love

सुपेला फ्लाई ओवर के बाद अब डबरा पारा पुल पर बन रहे फ्लाई ओवर की खामी सामने आने लगी है। यहां शुक्रवार की रात तीन महीने पहले बनकर तैयार हुए सर्विस लेन पर डेढ़ फीट गड्ढा हो गया। जिसे भरने में 10 घंटे लग गए। यातायात को सामान्य बनाने के लिए रूट डायवर्ट भी किया गया बावजूद राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का लंबा जाम लगा रहा।

सर्विस लेन में गड्ढा होने की जानकारी मिलने के बाद डीएसपी ट्रैफिक सतीश ठाकुर स्टाफ के साथ सुबह साढ़े पांच बजे ही मौके पर पहुंच गए। उन्हें निर्माण एजेंसी के जिम्मेदारों को बुलाकर गड्ढे को भरवाने का काम शुरू कराया। गिट्टी और अन्य सामग्रियां डालकर उसे भरने का काम किया गया।

इस दौरान वाहनों का जाम न लगे इसके लिए रूट को ट्रांसपोर्ट नगर से होते हुए उमदा की ओर डायवर्ट किया गया। बावजूद मार्ग पर वाहनों का लंबा जाम लग गया था। गड्ढा भरने का काम पूरा होने के बाद मार्ग आवागमन के लिए खोल गया लेकिन कुछ ही देर बाद बारिश होने से गड्ढे में भरा मटेरियल बाहर आ गया। जिससे वहां फिर गड्ढा हो गया। 10.30 बजे दोबारा उसे भरने का काम किया गया। करीब घंटे भर की कवायद के बाद का पूरा हुआ और यातायात बहाल हुआ।

लेकिन इस बार भी गड्ढे में भरा गया मटेरियल अधिक देर तक नहीं टिक पाया और स्थिति जस की तस हो गई। तीसरी बार दोपहर 2 बजे गड्ढे को भरने का काम शुरू हुआ जो साढ़े तीन बजे तक चला। इस तरह करीब 10 घंटे रायपुर मार्ग का ट्रैफिक पूरी तरह सामान्य हो पाया।

दिसंबर में ब्रिज के शुरू होने की उम्मीद

डबरापारा पुल पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर में यातायात स्थिति को सामान्य बनाने के लिए दोनों ओर के सर्विस लेन पहले तैयार किए गए। रायपुर दिशा का सर्विस लेन तीन महीने पहले ही तैयार हो गया था। दुर्ग दिशा का फ्लाईओवर डेढ़ महीने पहले ट्रैफिक के लिए खोला गया। वर्तमान में आर्च बनाने का काम चल रहा है। एक हिस्से का आर्च स्थापित किया जा चुका है। इस पर डामरीकरण का काम किया जा रहा है। जिससे रायपुर से आने वाले वाहनों को लिए इसे जल्द से जल्द खोला जा सके।

सुपेला फ्लाईओवर में भी कई बड़े गड्ढे

सुपेला फ्लाईओवर में भी जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। वहीं कई जगह दरारें आ गई है। यहां मेंटेनेंस का काम काफी धीमा चल रहा है। वाहन दुर्घटनाग्रस्त न हो इसके लिए स्टापर तो लगा दिए गए हैं लेकिन कई-कई दिनों तक मेंटेनेंस का काम शुरू नहीं हो पाता। इसके कारण दिन में तो दुर्घटना के मामले सामने नहीं आए हैं लेकिन रात में इसकी आशंका बनी रहती है। इस फ्लाईओवर के सर्विस लेन की भी हालत ठीक नहीं है। चंद्रा मौर्या चौक के पास दुर्ग दिशा की सर्विस लेन में आधे में ही डामरीकरण हुआ है।

 

Author