भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने मंगलवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसके मन में न तो देश के लिए और न ही संविधान और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति कोई सम्मान है। उन्होंने भारत की सबसे पुरानी पार्टी से सवाल किया कि ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष से वह नफरत क्यों करती है।
नड्डा का यह तंज उन खबरों के संदर्भ में आया है जिनमें कहा गया था कि कांग्रेस के एक केंद्रीय पर्यवेक्षक ने राजस्थान में एक बैठक में ‘भारत माता की जय’ का नारा लगाने पर पार्टी सदस्यों को कथित तौर पर फटकार लगाई। उन्होंने कथित तौर पर इसे ‘अनुशासनहीनता’ करार दिया और उनसे कहा कि इसके बजाय वे कांग्रेस के पक्ष में नारे लगाएं।
नड्डा ने सोशल नेटवर्किंग साइट ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कांग्रेस को देश के सम्मान एवं गौरव से जुड़े हर विषय से इतनी आपत्ति क्यों है? भारत जोड़ो के नाम पर राजनीतिक यात्रा करने वालों को ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष से नफरत क्यों है? स्पष्ट है कि कांग्रेस के मन में न देश के प्रति सम्मान है, न देश के संविधान के प्रति और न ही संवैधानिक संस्थाओं के प्रति। उसे तो बस एक विशेष परिवार के गुणगान से मतलब है।” उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस की देश विरोधी एवं संविधान विरोधी मंशा को पूरा देश भलीभांति जानता है।”
कांग्रेस ने उठाए सवाल
इससे पहले कांग्रेस ने जी-20 रात्रिभोज के निमंत्रण में राष्ट्रपति को ‘प्रेसिडेंट ऑफ भारत’ कहकर संबोधित किए जाने को लेकर केंद्र सरकार पर देश के संघीय ढांचे पर हमले का आरोप लगाया और दावा किया कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) से डर एवं नफरत के चलते सरकार देश का नाम बदलने में जुट गई है। मुख्य विपक्षी दल ने यह भी कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘बांटने वाली’ इस राजनीति के सामने नहीं झुकेगा और वह जीत हासिल करेगा।









