दुर्ग जिले में पुलगांव बाईपास स्थित शिवनाथ नदी के पुराने पुल से पिकअप वाहन नदी में गिरने से चार लोगों की मौत हो गई। मंगलवार देर रात सभी ढाबा से खाना खाकर लौट रहे थे। तभी बैलेंस बिगड़ने से हादसा हो गया। एसडीआरएफ ने वाहन को नदी से बाहर निकाल लिया है।
चालक की पहचान बोरसी क्षेत्र के सतरौद गांव (40) के रहने वाले ललित साहू के रूप में हुई है। गाड़ी में एक महिला और दो बच्चों के शव भी मिले हैं। जिनकी पहचान नहीं हो पाई है। ललित के पिता के मुताबिक उसकी पत्नी और दो बच्चे उसके घर पर हैं। ये बच्चे और महिला कौन हैं वो नहीं जानते। पुलिस ने चारों शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
क्रेन से खींचकर निकाला गया वाहन
SDRF की टीम ने सुबह 8 बजे के करीब ही पिकअप को खोज लिया था। उसे रस्सी से बांधकर बाहर निकाला जा रहा था। ट्रैक्टर के जरिए खींचन पर रस्सी टूट जा रही थी। इससे पिकअप फिर पानी में चली गई। घंटों मशक्कत के बाद क्रेन के जरिए वाहन को निकाला गया।
दुर्ग विधायक अरुण वोरा भी मौके पर मौजूद
दुर्घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग के विधायक अरुण वोरा भी मौके पर पहुंचे हैं। उन्होंने इस दुर्घटना के लिए पुलिस और जिला प्रशासन को जिम्मेदार बताया है। उनका कहना है कि विधायक निधि से यहां पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए डेढ़ करोड़ के बजट की स्वीकृति दे दी गई। इसके बाद भी कैमरे नहीं लगवाए गए।










