G-20 Summit: निजी संस्थानों को घर से काम करने की सलाह, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

Spread the love

जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए राजधानी दिल्ली में सभी तैयारियां पूरी हो गई है। विदेशी मेहमानों के स्वागत के लिए पूरी राजधानी को दुल्हन की तरह सजाया गया है। इसी बीच, जी-20 समिट के मद्देनजर, गुरूग्राम जिला प्रशासन ने एक एडवाइजरी जारी की है। इस परामर्श में कॉर्पोरेट एवं निजी संस्थानों को आठ सितंबर को घर से काम करने का सुझााव दिया। जी20 शिखर सम्मेलन की बैठक शनिवार और रविवार को नई दिल्ली में होने जा रही है।

घर से काम करने की सलाह
जिला मजिस्ट्रेट और उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने कहा, ‘‘सभी कॉर्पोरेट एवं निजी संस्थानों को सुझाव दिया गया है कि वे अपने सभी कर्मचारियों को आठ सितंबर (शुक्रवार) को घर से काम करने का निर्देश जारी करें।” जी20 शिखर बैठक के कारण आठ सितंबर को राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 48 पर यातायात नियंत्रित रहेगा और गुरुग्राम शहर की सड़कों पर यातायात प्रभावित होने की संभावना है। परामर्श में कहा गया है कि भीड़भाड़ से बचने के लिए लोगों को आठ सितंबर को बहुत जरूरी होने पर ही यात्रा करने का सुझाव दिया गया है।

मेट्रो ने भी जारी की एडवाइजरी
जी20 शिखर सम्मेलन के मद्देनजर नौ और 10 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों को चढ़ने या उतरने की अनुमति नहीं होगी। अधिकारियों ने बुधवार को कहा कि जी20 शिखर सम्मेलन के मद्देनजर 8-10 सितंबर को दिल्ली मेट्रो नेटवर्क की सभी लाइनों पर टर्मिनल स्टेशनों से मेट्रो सेवाएं सुबह चार बजे से शुरू होंगी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने देर रात कहा कि सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन को छोड़कर सभी मेट्रो स्टेशन आठ से 10 सितंबर तक आम जनता के लिए खुले रहेंगे।

सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों को अनुमति नहीं
सुरक्षा कारणों से नौ और 10 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों को चढ़ने या उतरने की अनुमति नहीं होगी। सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन प्रगति मैदान में विशाल शिखर सम्मेलन स्थल के पास का निकटतम मेट्रो स्टेशन है। डीएमआरसी ने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों के निर्देश पर अति विशिष्ट लोगों (वीवीआईपी) के प्रतिनिधिमंडलों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए नौ और 10 सितंबर को नयी दिल्ली जिले में कुछ स्टेशनों पर प्रवेश या निकास को संक्षिप्त अवधि के लिए रोका जा सकता है।

‘भारत मंडपम’ में आयोजित होगी जी20 की बैठक
डीएमआरसी ने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट, पटेल चौक और आर के आश्रम मार्ग मेट्रो स्टेशनों पर पार्किंग सुविधाएं आठ सितंबर को सुबह चार बजे से 11 सितंबर को दोपहर तक बंद रहेंगी। आगामी जी20 शिखर सम्मेलन के लिए आम जनता, पुलिस कर्मियों एवं सुरक्षा, कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात अन्य सहायक एजेंसियों के कर्मचारियों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के वास्ते मेट्रो सेवाओं को जल्दी शुरू करने का कदम उठाया गया है। यह विशाल कार्यक्रम 9-10 सितंबर तक प्रगति मैदान में नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन और प्रदर्शनी केंद्र – ‘भारत मंडपम’ में आयोजित होने जा रहा है।

 

Author