छत्तीसगढ़ की सबसे ऊंची चोटी गौरलाटा पर लहराया तिरंगा

Spread the love

बलरामपुर जिले के सामरी में स्थित छत्तीसगढ़ की सबसे ऊंची चोटी गौरलाटा पर तिरंगा फहराया गया। गौरलाटा में नीमास यानी नेशनल इन्स्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड एडवेंचर स्पोर्ट्स और साहसी खेल की टीम ने तिरंगा फहराया।

बता दें कि आजादी के अमृत महोत्सव और भारत को मिली जी-20 की अध्यक्षता के उपलक्ष्य में ‘हर शिखर तिरंगा’ सभी राज्यों की सबसे ऊंची चोटियों पर तिरंगा फहराने की मुहिम कर्नल रणवीर सिंह जामवाल के नेतृत्व में चल रही है। इसी हर शिखर तिरंगा अभियान के तहत नीमास की टीम ने 1,225 मीटर की ऊंची चोटी पर तिरंगा फहराया।

गौरलाटा की चोटी पर तिरंगा फहराते ही टीम ने अब तक 24 राज्यों की सबसे ऊंची चोटी पर तिरंगा फहरा लिया है। इसमें सातों पूर्वोत्तर राज्यों के अलावा हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और ओडिशा शामिल हैं। यह अद्भुत मिशन सभी 28 राज्यों के सबसे ऊंचे शिखर पर तिरंगा फहराने के बाद पूरा हो जाएगा।

कर्नल रणवीर सिंह जामवाल फिलहाल राष्ट्रीय पर्वतारोहण और साहसिक खेल संस्थान में मुख्य निदेशक हैं। उन्होंने माउंट एवरेस्ट को 3 बार फतह किया है। इसके साथ ही उन्होंने विश्व के सातों महाद्वीपों के शिखर पर तिरंगा फहराया है। उन्होंने 50 से ज्यादा पर्वतारोहण अभियानों को अंजाम दिया है और इन्हीं साहसिक कार्यों के लिए उन्हें भारत सरकार ने सेना मेडल, विशिष्ट सेवा मेडल दो बार और तेनजिन नोर्गे राष्ट्रीय साहस पुरस्कार से भी सम्मानित किया है।

पुलिस-प्रशासन ने किया सहयोग

टीम के 9 सदस्यों के अलावा इस मिशन में छत्तीसगढ़ के 50 से ज्यादा स्थानीय निवासियों ने भी गौरलाटा चोटी पर तिरंगा फहराने में भाग लिया। यहां इस मिशन को सुरक्षा देकर सुचारू रूप से सफल बनाने में CRPF और स्थानीय पुलिस ने योगदान दिया। ‘हर शिखर तिरंगा’ टीम सहित सुरक्षा कर्मियों का स्वागत करते हुए उनके ठहरने और भोजन की व्यवस्था जिला प्रशासन की तरफ से कुसमी एसडीएम चेतन साहू और कुसमी जनपद पंचायत CEO डॉ अभिषेक पांडेय ने की।

टीम के सदस्य बुधवार की रात को कुसमी क्षेत्र में विश्राम करने के बाद गुरुवार को झारखंड राज्य की सबसे ऊंची चोटी पर तिरंगा फहराने के लिए रवाना हो गए।

 

Author