छत्तीसगढ़ में सहायक जन सूचना अधिकारी को महिला टीचर से दुष्कर्म मामले में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि अफसर ने शादीशुदा होते हुए भी खुद को अविवाहित बताया और लगातार युवती का यौन शोषण करता रहा। मामला सामने आने के बाद महिला टीचर ने अंबिकापुर के गांधी नगर थाने में मामला दर्ज कराया था। फिलहाल आरोपी मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में जनसंपर्क विभाग में पदस्थ था।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी सुख सागर साल 2019 से अप्रैल 2023 तक सरगुजा जिले में जनसंपर्क विभाग में सहायक जन सूचना अधिकारी के तौर पर कार्यरत था। इसी दौरान 2021 में उसकी मुलाकात गांधीनगर में रहने वाली एक शिक्षिका से हुई। आरोपी ने युवती से दोस्ती की और फिर प्यार के झांसे में लिया। करीब 3 सालों तक महिला टीचर का आरोपी अफसर यौन शोषण करता रहा।
दो बेटियों का पिता है आरोपी
इसी बीच आरोपी का तबादला एमसीबी जिले में हो गया। वहीं दूसरी ओर महिला टीचर को अधिकारी सुख सागर के विवाहित होने और 2 बेटियों का पिता होने की जानकारी मिली, तो खुद के ठगे जाने का एहसास हुआ। उसने सुख सागर पर शादी का दबाव बनाना शुरू किया, लेकिन आरोपी ने इनकार कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को जेल भेजा
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी सहायक सूचना अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया है। सरगुजा एडिशनल एसपी विवेक शुक्ला ने बताया कि मामले में धारा- 376 (2) (ढ) के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।










