कवर्धा-बिलासपुर नेशनल हाईवे बंद

Spread the love

कबीरधाम जिले में 17 सितंबर से लगातार बारिश का दौर जारी है। वनांचल क्षेत्र में रुक-रुककर बारिश होने से नदी-नाले उफान पर हैं। पंडरिया स्थित हरिनाला पुल पर बाढ़ का पानी आ जाने से बीते 24 घंटे से बिलासपुर-कवर्धा नेशनल हाईवे बंद है।

हरिनाला में पुल के ऊपर करीब 3 फीट पानी बह रहा है। इधर लोग अपनी जान जोखिम में डालकर यहां से आना-जाना कर रहे हैं। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं, जिसमें कई लोगों की गाड़ियां भी फंसी, तो कुछ लोग गिरे भी।

भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि मानसून द्रोणिका मध्य समुद्र तल पर जैसलमेर, अजमेर, शिवपुरी, सीधी, दीघा और उसके बाद दक्षिण-पूर्व की ओर मध्य बंगाल की खाड़ी तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा की संभावना है, इसके साथ ही आकाशीय बिजली भी गिर सकती है।

कवर्धा-पंडरिया-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर आवागमन लगातार बाधित

हरिनाला में बाढ़ का पानी बंदौरा और सगौना जंगल में बारिश होने पर क्रांति जलाशय के ओवरफ्लो होने से आता है। रविवार 17 सितंबर की देर शाम बंदौरा के जंगल में 3 घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई थी, जिसके कारण नाले में अचानक बाढ़ आ गई। पुल के ऊपर गड्ढे बन जाने के कारण मंगलवार शाम से ही बड़े वाहनों को नहीं जाने दिया जा रहा। कवर्धा-पंडरिया-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर आवागमन लगातार बाधित है।

हरिनाला पुल पर लगातार आ रहा बाढ़ का पानी

आज 22 सितंबर को हरिनाला पुल पर फिर से पानी बढ़ सकता है, क्योंकि इसके ठीक ऊपर वाले गांव रहमान कापा में गुरुवार शाम 7 बजे जलस्तर बढ़ रहा था। संभावना है कि एक-दो घंटे में हरिनाला में और भी जलस्तर बढ़ सकता है। जंगल से नाले में लगातार पानी आ रहा है। शुक्रवार 22 सितंबर को भी यह सड़क बंद रहेगी। सड़क बंद होने के कारण बड़े और छोटे वाहनों को ग्राम कुंडा होकर मुंगेली-बिलासपुर जाना पड़ रहा है।

सब्जियों की फसल को भारी नुकसान

वर्तमान में हो रही बारिश से धान और गन्ने की फसल को फायदा होगा। वहीं बीते दिनों हुई बारिश के बाद सब्जी की फसल को नुकसान पहुंचा है। कबीरधाम जिले में औसतन 811.5 मिमी बारिश हुई है। जिसमें से कवर्धा तहसील में 795.2 मिमी, पंडरिया में 593.9 मिमी, बोड़ला में 594.1 मिमी, सहसपुर लोहारा में 709.0 मिमी, रेंगाखारकला में 1342.0 मिमी, कुंडा में 642.3 मिमी, पिपरिया में 1004.3 मिमी बारिश हुई है।

 

Author