‘टिकट देते समय महिला आरक्षण बिल का रखेंगे ध्यान’

Spread the love

भाजपा की परिर्वतन यात्रा शुक्रवार को धमतरी पहुंची। परिवर्तन यात्रा के रथ का बीजेपी कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इस मौके पर बाइक रैली भी निकाली गई। वहीं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने टिकट वितरण को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि प्रत्याशियों के चयन में महिला आरक्षण बिल का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

भाजपा की परिर्वतन यात्रा में पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, कुरूद विधायक अजय चंद्राकर, शिवरतन शर्मा, महेश गागड़ा, बस्तर के राजा कमलचंद भंजदेव, धमतरी विधायक रंजना साहू समेत कई नेता-कार्यकर्ता शामिल रहे।पुरानी कृषि उपज मंडी में विशाल जनसभा का भी आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा।

टिकट वितरण को लेकर बड़ा बयान

वहीं पत्रकारों से चर्चा के दौरान भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि केंद्र सरकार महिला आरक्षण बिल लेकर आई है। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी घोषित करते वक्त पार्टी इसका ध्यान जरूर रखेगी।

PM ने महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का काम किया- अजय चंद्राकर

पूर्व मंत्री और कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण बिल लाकर उनकी भागीदारी को बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने पुरुष प्रधान समाज की अवधारणा को बदलने का काम किया है। प्रधानमंत्री ने मुस्लिम समाज की महिलाओं को सशक्त करते हुए उन्हें भी 3 तलाक जैसी कुरीति से बचाने का काम किया है।

वहीं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि बीजेपी शुरू से ही महिलाओं का सम्मान करती है। राजनीति में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण मिला है। उन्होंने भूपेश बघेल सरकार पर युवाओं को रोजगार नहीं देने का आरोप लगाया, साथ ही पीएससी घोटाला मामले पर भी घेरा। बीजेपी नेताओं ने प्रदेश में बढ़ते अपराधों को लेकर भी राज्य सरकार पर निशाना साधा।

इसके साथ ही ईडी की कार्रवाई को लेकर कहा कि वो सिर्फ अपना काम कर रही है और भाजपा अपना। प्रदेश के मुख्यमंत्री को ईडी से कहना चाहिए कि अगर कोई भ्रष्टाचारी है, तो उसे जेल के अंदर किया जाए, लेकिन भूपेश बघेल सिर्फ ईडी की कार्रवाई पर सवाल उठाकर आरोपियों को बचाने का काम कर रहे हैं।

 

Author