बीजेपी की परिवर्तन यात्रा आज रायपुर पहुंचेगी

Spread the love

छत्तीसगढ़ में बीजेपी की परिवर्तन यात्रा चल रही है। मंगलवार को यह यात्रा रायपुर पहुंचेगी। जिसमें शामिल होने केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री मिनाक्षी लेखी, केंद्रीय संचार राज्य मंत्री देवुसिंह चौहान, केंद्रीय सामाजिक न्याय मंत्री नारायण स्वामी, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री भागवत कृष्ण कराड और लोकसभा सांसद व भोजपुरी एक्टर-सिंगर मनोज तिवारी राजधानी पहुंचेंगे।

परिवर्तन यात्रा का 100 से ज्यादा जगहों पर स्वागत करने की तैयारी है। मीडिया प्रभारी उमेश घोरमोड़े ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव के साथ केंद्रीय मंत्री भागवत कराड रायपुर में यात्रा की अगुवाई करेंगे। बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा से शुरू हुई परिवर्तन यात्रा राजधानी पहुंचने वाली है।

ये नेता भी होंगे शामिल

परिवर्तन यात्रा में सांसद सुनील सोनी, पूर्व मंत्री व विधायक बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व मंत्री भाजपा प्रवक्ता राजेश मूणत, भाजपा रायपुर शहर जिला अध्यक्ष जयंती पटेल अपने समर्थकों के साथ शामिल होंगे। भाजपा सहित मोर्चा प्रकोष्ठों को रायपुर में बड़ी भीड़ जुटाने का जिम्मा दिया गया है। चुनावी माहौल में भाजपा शक्ति प्रदर्शन की तैयारी कर रही है।

रायपुर शहर में 16 मंडलों के लाेग यात्रा में शामिल होंगे। शहर में प्रवेश करने पर 500 की संख्या में युवा नेता बाइक रैली के साथ यात्रा का स्वागत करेंगे।

यहां से गुजरेगी परिवर्तन यात्रा

परिवर्तन यात्रा सुबह 11:30 बजे धरसींवा पहुंचेगी। आम सभा के बाद दोपहर 2:00 बजे रायपुर ग्रामीण विधानसभा के बंजारी माता मंदिर के पास से रोड शो शुरू होगा। रायपुर ग्रामीण के बुधवारी बाजार, खमतराई बाजार, रायपुर के दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के लाखे नगर चौक होते हुए सिटी कोतवाली पचपेड़ी नाका से रायपुर उत्तर के श्याम नगर गुरुद्वारा पहुंचेगी।

इसके बाद अशोका टावर, लोधी पारा चौक, पीली बिल्डिंग और फाफाडीह होते जयस्तंभ चौक पहुंचेगी। यहां रोड शो किया जाएगा। यात्रा भाटापारा से सिमगा, धरसीवां होते हुए राजधानी रायपुर पहुंचेगी। पहली परिवर्तन यात्रा में अब तक 1500 किमी का सफर, 43 आमसभा और 32 स्वागत सभा हो चुकी है।

दूसरी परिवर्तन यात्रा यहां पहुंचेगी

पहली यात्रा रायपुर पहुंचेगी। दूसरी परिवर्तन यात्रा की अगुवाई नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल कर रहे हैं। मस्तूरी में सभा के बाद अब मंगलवार को लोरमी, मुंगेली पहुंचेगी।

कांग्रेस ने पूछा- छत्तीसगढ़ को क्या मिला

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा के परिवर्तन यात्रा में 14 दिन में प्रधानमंत्री से लेकर दर्जनों केंद्रीय मंत्री आए और चले गए। इनके आने से छत्तीसगढ़ की जनता को क्या मिला ? भाजपा की राजनीतिक यात्रा में सरकारी खर्चे और सुख सुविधा विलासिता उपभोग कर आए केंद्रीय मंत्रियों ने सिर्फ भाजपा का प्रचार-प्रसार किया।

जब कोई मंत्री का दौरा होता है तब जनता उस मंत्री से कोई नई सौगात की उम्मीद करती है। उनके विभाग से संबंधित समस्याओं का हल चाहती है जो इन केंद्रीय मंत्रियों के दौरे में कहीं नहीं दिखा। कोई नई घोषणा छत्तीसगढ़ की जनता के हित में इन्होंने नहीं की ? भाजपा के सांसदों ने भी छत्तीसगढ़ के लिए इनसे कोई मांग नहीं की।

 

Author