दिल्ली पुलिस ने सोमवार को एनआईए के मोस्ट वांटेड आतंकवादियों में से एक मोहम्मद शाहनवाज को उसके दो सहयोगियों के साथ गिरफ्तार कर लिया, जिन पर आईएस मॉड्यूल से जुड़े होने का आरोप है। अधिकारियों ने कहा कि इनके पास से आईईडी निर्माण में इस्तेमाल होने वाले संदिग्ध सामग्री सहित अन्य आपत्तिजनक सामान भी जब्त किया गया है।
उन्होंने बताया कि शाहनवाज को दिल्ली के जैतपुर में गिरफ्तार किया गया, जबकि मोहम्मद रिजवान अशरफ और मोहम्मद अरशद वारसी को क्रमशः उत्तर प्रदेश के लखनऊ और मुरादाबाद से गिरफ्तार किया गया। तीनों को कोर्ट ने एक सप्ताह के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है। उन्होंने बताया कि तीनों ने इंजीनियरिंग की डिग्री ले रखी है। प्रारंभिक पूछताछ का हवाला देते हुए, पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने पश्चिमी और दक्षिणी भारत के विभिन्न इलाकों की रेकी की। वे पश्चिमी क्षेत्र में अपना ठिकाना बनाना चाहते थे। शाहनवाज़ पुणे पुलिस की हिरासत से फरार था और दिल्ली में रह रहा था। उस पर 3 लाख रुपये का इनाम था।
पुलिस ने कहा कि शाहनवाज के कब्जे से प्लास्टिक ट्यूब, लोहे के पाइप, विभिन्न प्रकार के रसायन, टाइमिंग उपकरण आदि, (जिनका उपयोग विस्फोटक उपकरण बनाने में किया जा सकता था), एक पिस्तौल और कारतूस जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने कहा कि ऐसी आशंका है कि उनको बम बनाने से संबंधित साहित्य सीमा पार से इनके आकाओं ने भेजा था।









