बलरामपुर-रामानुजगंज : जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बगाड़ी में शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. दोपहर करीब 2 बजे दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों के बीच हुई सीधी और जोरदार टक्कर में एक बुजुर्ग की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं, दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. इस हादसे के बाद से प्रभावित परिवारों सहित पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है.
दबगड़ी और सिंघचौरा के ग्रामीणों के बीच हुई टक्कर
मिली जानकारी के मुताबिक प्रतापपुर तहसील के ग्राम दबगड़ी निवासी एक बुजुर्ग अपनी मोटरसाइकिल से किसी काम के सिलसिले में राजपुर जा रहे थे. अभी वे ग्राम बगाड़ी के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही एक दूसरी मोटरसाइकिल से उनकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. दूसरी मोटरसाइकिल पर दो युवक सवार थे. जो राजपुर से अपने गांव सिंघचौरा की तरफ लौट रहे थे.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उनकी आवाज सुनकर आस-पास के खेतों व सड़कों पर मौजूद लोग मौके की तरफ दौड़े. टक्कर की वजह से बुजुर्ग सड़क पर दूर जा गिरे. जिससे उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और ज्यादा खून बह जाने की वजह से उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वहीं, दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवक भी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, अस्पताल में घायलों का इलाज जारी
हादसे की खबर मिलते ही राजपुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायल युवकों को एम्बुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर पहुंचाया. अस्पताल में डॉक्टरों की टीम घायलों के इलाज में जुटी हुई है और उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है.
इसके साथ ही, पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद मृतक बुजुर्ग के शव को अपने कब्जे में लिया. पंचनामा की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. शनिवार को पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया. अचानक हुई इस मौत से मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है.
मामले की जांच में जुटी राजपुर पुलिस
राजपुर पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और मर्ग कायम कर हादसे केअसल वजह की जांच शुरू कर दी है. पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि हादसा वाहनों की तेज रफ्तार की वजह से हुआ या फिर मोड़ पर कंट्रोल खोने की वजह से हुआ.
नर्मदापुर-बिजलहवा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार रात दर्दनाक हादसा हुआ. चोरकीडीह रघुनाथपुर निवासी अर्जुन विश्वकर्मा (25) अपनी मोटरसाइकिल से ससुराल नर्मदापुर जा रहा था. दूसरी मोटरसाइकिल पर कोट वंदना, सीतापुर निवासी गुड्डू मांझी (22) और विफल कुमार माझी (21) मैनपाट घूमकर लौट रहे थे. मोड़ पर दोनों बाइक आमने-सामने टकरा गईं. हादसे में अर्जुन विश्वकर्मा और गुड्डू मांझी की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि गंभीर रूप से घायल विफल कुमार माझी ने अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
दुसरे हादसे में अंबिकापुर-सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर सेदम बाजार के पास देवरी निवासी रीता एक्का (48) अपने पति सुखन एक्का के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रही थीं. इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में रीता एक्का की मौके पर मौत हो गई, जबकि सुखन एक्का गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टक्कर मारने वाले ट्रक की तलाश की जा रही है.











