जोगीडीपा जलाशय में मिला 52 वर्षीय ग्रामीण का शव, गले मे लटका मिला थैला, मछली पकड़ने के दौरान हादसे की आशंका, इलाके में फैली सनसनी
गरियाबंद/फिंगेश्वर : गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जोगीडीपा के जलाशय में मंगलवार शाम एक व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान गांव के निवासी निगम साहू उम्र 52 साल के रूप में हुई है. प्रथम दृष्टया मामला मछली पकड़ने के दौरान हुए हादसे का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्रामीणों ने शाम करीब 5 बजे जलाशय में एक शव पानी पर तैरता हुआ देखा। जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया. मृतक के भाई प्रकाश साहू ने फिंगेश्वर थाना, सरपंच और ग्राम प्रमुख को खबर दी. खबर मिलते ही थाना प्रभारी जयप्रकाश नेताम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया.
जांच के दौरान पुलिस को मृतक के आसपास पानी में मछली पकड़ने की जाली फैली हुई मिली. जबकि उनके गले में एक थैला लटका हुआ था. इन हालत को देखते हुए प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि मछली पकड़ने के दौरान किसी वजह से वे पानी में डूब गए होंगे.
पुलिस ने रात करीब 8 बजे शव को जलाशय से बाहर निकलवाया. पंचों और परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए फिंगेश्वर चीरघर में सुरक्षित रखवाया गया. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह का खुलासा हो सकेगा.
घटना को लेकर गांव में अलग-अलग चर्चाएं हैं. कुछ ग्रामीणों ने मृतक को मिर्गी की बीमारी होने की बात कही. लेकिन उनके भाई प्रकाश साहू ने इस दावे से साफ इंकार किया है. ऐसे में पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
घटनास्थल पर थाना प्रभारी जयप्रकाश नेताम, एसआई सुरेश निषाद, सरपंच नेतराम सिन्हा, मृतक के भाई प्रकाश साहू सहित बड़ी तादाद में ग्रामीण मौजूद रहे. पूरे गांव में इस घटना के बाद शोक का माहौल है.
थाना प्रभारी जयप्रकाश नेताम ने बताया कि खबर मिलते ही पुलिस टीम जोगीडीपा जलाशय पहुंची. स्थल निरीक्षण के बाद शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की वजह का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल मामले की जांच जारी है.











