बलरामपुर : बलरामपुर जिले के चलगली थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बाबा बच्छराज कुंवर धाम में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब नदी में एक 22 साल के युवक का शव तैरता हुआ मिला. घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. यह मामला चलगली थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक कछिया निवासी विमलेश वर्मा उम्र 22 साल धाम में आने वाले श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ावे में दिए जाने वाले बकरों की बाली काटने का काम करता था, परिजनों के मुताबिक वह पिछले दो दिनों से लापता था. जिसकी तलाश की जा रही थी.
घटना को लेकर रहस्य इसलिए भी गहरा गया है. क्योंकि युवक की मोटरसाइकिल पहले श्रद्धालुओं के पास मिली थी. जबकि उसका शव बाद में नदी में तैरता मिला. इससे मौत की वजह को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं. हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असल वजह का खुलासा हो सकेगा.
घटना की खबर फैलते ही बाबा बच्छराज कुंवर धाम में बड़ी तादाद में ग्रामीण और श्रद्धालु इकठ्ठा हो गए. पुलिस ने मौके का मुआयना कर जरुरी सबूत जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है.
मृतक के चाचा संतकल्प ने बताया कि विमलेश पिछले दो दिनों से घर नहीं लौटा था. परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे. शनिवार को खबर मिली कि प्रसिद्ध बाबा बच्छराज कुंवर धाम के पास नदी में एक शव मिला है. मौके पर पहुंचकर शव की पहचान विमलेश के रूप में की गई. उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.
फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले सबूतों और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
2026-07-17











