धमतरी/भखारा : बारिश का मौसम अपने साथ सिर्फ राहत ही नहीं बल्कि कई तरह के खतरे भी लेकर आता है. इन्हीं में से एक है जहरीले जीव-जंतुओं के काटने की घटनाएं, जो इन दिनों लगातार सामने आ रही हैं. ताजा मामला धमतरी जिले के भखारा क्षेत्र में सामने आया है, जहां एक बुजुर्ग किसान की बिच्छू के डंक से मौत हो गई.
मिली जानकारी के मुताबिक भखारा क्षेत्र में रहने वाले बुजुर्ग किसान परदेशी राम अपने खेत में दोपहर करीब 3 बजे कृषि कार्य कर रहे थे. इसी दौरान उन्हें जहरीले बिच्छू ने डंक मार दिया. डंक लगने के कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी. इसके बाद परिजन उन्हें फौरन नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए धमतरी के एक प्राइवेट अस्पताल रेफर किया गया. लेकिन इलाज के दौरान किसान ने दम तोड़ दिया.
घटना से परिवार में पसरा मातम
घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है. बहरहाल पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. बारिश के मौसम में जहरीले जीव जंतुओं के निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं ऐसे में खेतों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.
बिच्छू के काटने पर क्या करें ?
अगर आपको या फिर किसी परिचित को बिच्छू ने डंक मार दिया है, तो सबसे पहले शांत रहें और उस जगह को साबुन-पानी से धोएं। इसके बाद सूजन और दर्द कम करने के लिए बर्फ की सिकाई करें। अगर डंक त्वचा में हो तो चिमटी से निकालें। अगर सांस लेने में कठिनाई, तेजी से दिल धड़कना या गंभीर लक्षण दिखें, तो फौरन नजदीकी आपातकालीन चिकित्सा केंद्र से संपर्क करें.
2026-07-18











