बिलासपुर : रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अकलतरी में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात शराब पीने के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया. नशे की हालत में शुरू हुई गाली-गलौज के बाद एक युवक की ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई. वारदात से पूरे गांव में दहशत फैल गई. खबर मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक जांच शुरू करा दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अकलतरी के नीम चौक निवासी इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू भार्गव उम्र 35 साल गांव में रहकर रोजी मजदूरी करता था. शनिवार रात इंद्रप्रकाश अपने दोस्त विशाल कश्यप के साथ लखराम में शराब पी रहे थे. वहां से लौटने के बाद अपने घर जा रहे थे. घर के पास ही अमित सोनवानी उम्र 19 साल और सुधीर सोनवानी उम्र 26 साल ने उन्हें रोककर गाली-गलौज की. इसी बात को लेकर विशाल और अमित के बीच विवाद हुआ. इस दौरान अमित और सुधीर ने मिलकर विशाल पर धारदार हथियार से हमला किया.
इस हमले में विशाल घायल हो गया. वह मौके से किसी तरह भाग निकला. इसके बाद अमित और सुधीर इंद्रप्रकाश के घर पहुंचे. उनसे डरकर इंद्रप्रकाश अपने घर की छत पर चढ़ गया. जहां पर दोनों घेरकर इंद्रप्रकाश पर हंसिया, चाकू और दीवार की ईंट निकालकर बेरहमी से हमला किया. इस हमले में इंद्रप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद युवक भागकर रतनपुर पहुंचे. जहां दोनों ने ढाबे में भोजन किया. इसके बाद वे रतनपुर थाने पहुंचे. तब तक गांव के लोगों ने वारदात की खबर रतनपुर पुलिस को दी थी. पुलिस ने दोनों आरोपित को हिरासत में ले लिया. विशाल की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने फोरेंसिक जांच के बाद शव पीएम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने खून से सनी ईंट और धारदार हंसिया बरामद किया. एफएसएल टीम मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाएगी. जबकि शव का पोस्टमार्टम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
नशे की लत बनी हत्या की वजह
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि इंद्रप्रकाश आदतन नशेड़ी था. उसकी हरकतों की वजह से शादी के कुछ दिन बाद ही पत्नी घर छोड़कर चली गई थी. इधर उसके घर के लोग भी परेशान थे. इसकी वजह से उसके परिवार के लोग रायपुर, हैदराबाद कमाने खाने के लिए चले गए. इंद्रप्रकाश गांव में अकेले रहता था. शनिवार की रात करीब 11 बजे वह जैसे ही घर पहुंचा. युवकों ने घेरकर उसकी हत्या कर दी. लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के बीच रतनपुर क्षेत्र में यह कुछ ही दिनों के भीतर तीसरी हत्या की वारदात है.
मृतक
इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू भार्गव उम्र 35 साल पिता स्व सारधा भार्गव, निवासी नीम चौक, ग्राम अकलतरी थाना रतनपुर जिला बिलासपुर छत्तीसगढ़
2026-07-19










