जांजगीर-चांपा/अकलतरा : छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में बॉलीवुड एक्टर शाहिद कपूर की चर्चित वेब सीरीज ‘फर्जी’ जैसी घटना सामने आई है. यहां एक युवक नकली 500 रुपये के नोटों के जरिए शराब खरीदने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उसकी योजना ज्यादा देर तक कामयाब नहीं हो सकी. शराब दुकान के मैनेजर की सतर्कता के चलते आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया. यह मामला अकलतरा थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक अकलतरा स्थित देशी शराब दुकान में एक युवक शराब खरीदने पहुंचा था. उसने शराब लेने के बाद भुगतान के लिए 500 रुपये के नोट दिए. दुकान के मैनेजर को नोटों की गुणवत्ता और छपाई को लेकर शक हुआ. जांच करने पर नोट नकली होने की आशंका हुई. जिसके बाद उन्होंने फौरन इसकी खबर अकलतरा थाना पुलिस को दी.
खबर मिलते ही पुलिस टीम शराब दुकान पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवक के पास से 500 रुपये के चार नकली नोट बरामद किए गए. आरोपी की पहचान सत्येंद्र कुमार कुर्रे निवासी दोमुहानी गांव, थाना सारंगढ़ क्षेत्र के रूप में हुई है. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ये नकली नोट रायपुर से लेकर आया था.
हालांकि पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी ने नकली नोट किससे प्राप्त किए और क्या वह किसी बड़े जाली नोट गिरोह से जुड़ा हुआ है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नकली नोटों का इस्तेमाल करना गंभीर अपराध है.
ऐसे मामलों में सिर्फ नोट चलाने वाला व्यक्ति ही नहीं, बल्कि इसके पीछे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जाती है. इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस आरोपी से डिटेल पूछताछ कर रही है.
अकलतरा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 180 के तहत मामला दर्ज किया है. कार्रवाई के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया. जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
पुलिस अब इस पूरे मामले की कड़ी जोड़ने में जुटी हुई है. जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि क्या आरोपी ने पहले भी नकली नोटों का इस्तेमाल किया है या वह किसी संगठित गिरोह का हिस्सा है. इसके अलावा रायपुर से नकली नोट मिलने के दावे की भी जांच की जा रही है.
पुलिस का कहना है कि नकली नोटों के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है. आम लोगों और व्यापारियों से भी अपील की जाती है कि किसी भी संदिग्ध नोट की पहचान होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। शराब दुकान के मैनेजर की सतर्कता से नकली नोट चलाने की कोशिश नाकाम हो गई. अगर समय पर शक नहीं किया जाता तो आरोपी कई अन्य स्थानों पर भी नकली नोटों का इस्तेमाल कर सकता था. पुलिस अब मामले में जुड़े अन्य संभावित आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.
आरोपी
सत्येन्द्र कुमार कुर्रे उर्फ सत्यम कुर्रे उम्र 30 साल निवासी दोमुहानी, थाना बिलाईगढ़
2026-07-23










