2 करोड़ से ज्यादा की ठगी का खुलासा, शेयर मार्केट में निवेश कर रकम डबल का झांसा, पुलिस ने नवा रायपुर से पति हरिशंकर और पत्नी रेखा को किया गिरफ्तार

Spread the love

जांजगीर-चांपा : शेयर मार्केट में निवेश कर रकम दोगुनी करने का झांसा देकर 2 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी करने वाले पति-पत्नी को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों को रायपुर से हिरासत में लेने के बाद अदालत में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक चांपा निवासी हेमदत्त केशरवानी ने 24 मई 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई कि मारुति विहार कॉलोनी निवासी हरिशंकर गुप्ता और उनकी पत्नी रेखा गुप्ता ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने पर रकम दोगुनी होने का भरोसा दिलाकर उनसे और अन्य लोगों से चेक और आरटीजीएस के जरिए कुल 2,04,97,502 रुपये अपने खातों में जमा कराए.
आरोपियों ने निवेशकों को सिर्फ 39,99,400 रुपये वापस किए. जबकि बाकी रकम लौटाने में लगातार टालमटोल करते रहे. बाद में रकम वापस नहीं करने पर पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
मामला दर्ज होने के बाद आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर फरार हो गए. तकनीकी सबूतों और मुखबिर की खबर के आधार पर चांपा पुलिस ने नया रायपुर में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने ठगी की बात कबूल की. पुलिस ने उनके कब्जे से लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल फोन और चेकबुक जब्त किए हैं. आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है. पुलिस मामले में अन्य पहलुओं और संभावित पीड़ितों की भी जांच कर रही है.

Author