दुर्ग : रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ते समय बैलेंस बिगड़ने से यात्री ट्रैक पर गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई. ट्रेन की चपेट में आने से उनका दायां पैर भी कट गया. मृतक की पहचान ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी के एरिया मैनेजर संदीप कुमार सिन्हा उम्र 58 साल के रूप में हुई है.
मिली जानकारी के मुताबिक संदीप कुमार सिन्हा रोज की तरह रायपुर जाने के लिए दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंचे थे. उनके पास रेलवे का मासिक पास था. वे अक्सर ट्रेन से ही रायपुर आना-जाना करते थे.
लोकल छोड़ सुपरफास्ट पर बैठने के लिए दौड़े थे
23 जुलाई की सुबह करीब 5:45 बजे दुर्ग-रायपुर लोकल ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर खड़ी थी. इसी दौरान पुणे-हटिया सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर पहुंची. एक्सप्रेस ट्रेन कुछ मिनट रुकने के बाद रवाना होने लगी. इसी बीच संदीप कुमार सिन्हा ने लोकल ट्रेन छोड़कर एक्सप्रेस ट्रेन पकड़ने का फैसला किया.
वे तेजी से दौड़कर चलती ट्रेन में चढ़ने लगे. लेकिन इसी दौरान उनके हाथ में रखा लैपटॉप बैग फिसल गया. बैग कलाई तक खिसकने से उनका संतुलन बिगड़ गया. वहीं, ट्रेन के गेट पर लगी रॉड पर उनकी पकड़ भी कमजोर पड़ गई. देखते ही देखते उनका पैर फिसल गया. वे प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच ट्रैक पर गिर पड़े.
पैर कटा, खून ज्यादा बहने से हुई मौत
ट्रेन की चपेट में आने से उनका दायां पैर कट गया. ज्यादा खून बहने की वजह से उनकी हालत बेहद नाजुक हो गई. हादसे के फौरन बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. खबर मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), जीआरपी और रेलवे प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची.
जवानों ने उन्हें ट्रैक से बाहर निकाला और फौरन एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा. लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. मृतक की पहचान उनके पास मिले दस्तावेजों से हुई. वे ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी की रायपुर शाखा में एरिया मैनेजर के पद पर कार्यरत थे. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल की मॉर्चुरी भेज दिया.
2026-07-25











