गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : छत्तीसगढ़ के गौरेला जिले में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया. गौरेला थाना क्षेत्र के ग्राम नेवसा के लिखनटोला में पारिवारिक सदस्यों ने ही एक व्यक्ति की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी. घटना के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए लाठी-डंडे भी बरामद कर लिए हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम नेवसा के लिखनटोला निवासी खूबचंद यादव अपने बेटे दुर्गेश यादव के साथ खेत में काम कर रहे थे. इसी दौरान जमीन को लेकर पहले से चल रहा पारिवारिक विवाद एक बार फिर सामने आ गया. आरोप है कि परिवार के ही कुछ सदस्य मौके पर पहुंचे और जमीन विवाद को लेकर खूबचंद यादव से बहस करने लगे देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया.
आरोपियों ने खूबचंद यादव के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया. हमले में उनके सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं. चोट इतनी गंभीर थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वारदात के बाद आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई. परिजनों और ग्रामीणों ने इसकी खबर पुलिस को दी. खबर मिलते ही गौरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देश पर पुलिस टीम के साथ एफएसएल अधिकारी डॉ. त्रिपाठी भी घटनास्थल पहुंचे.
पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके का निरीक्षण कर जरूरी सबूत जुटाए. मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. पुलिस ने घटनास्थल से मिले सुराग और शुरुआती जांच के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस के सामने वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर लिया. इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कत्ल में इस्तेमाल किए गए चार लकड़ी के लाठी-डंडे बरामद किए.
पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में रामलाल यादव, बिसाहू यादव, बुधईया बाई और मुकेश यादव शामिल हैं. सभी आरोपी ग्राम लिखनटोला के निवासी बताए जा रहे हैं. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है. आरोपियों को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कत्ल की असल वजह जमीन विवाद बताया जा रहा है.
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई थी और घटना के दौरान कौन-कौन लोग मौके पर मौजूद थे. गौरेला पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधों पर नियंत्रण रखने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। जमीन, पारिवारिक विवाद और अन्य मामलों में कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं. वहीं, मृतक के परिवार में शोक का माहौल है. एक ही परिवार के लोगों पर हत्या का आरोप लगने से ग्रामीण भी हैरान हैं. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस टीम घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है.
2026-07-28











