गरियाबंद : गरियाबंद जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं. इसी बीच फिंगेश्वर क्षेत्र में आज सुबह एक दर्दनाक हादसे में सहसपुर निवासी थनवार यादव उम्र 55 साल की नदी के तेज बहाव में बह जाने से मौत हो गई. हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है.
मिली जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 7:30 बजे थनवार यादव सहसपुर नदी पार कर घुरसा रोड की तरफ जा रहे थे. लगातार बारिश की वजह से नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ था. नदी पार करते समय अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए.
हादसे की खबर मिलते ही ग्रामीणों ने तलाश शुरू की. कुछ समय बाद खुटेरी गांव के पास ग्रामीणों ने नदी में एक शव बहते हुए देखा. गांव के युवाओं ने नदी में उतरकर शव को बाहर निकाला. पहचान करने पर शव सहसपुर निवासी थनवार यादव का निकला. ग्रामीणों के मुताबिक जब तक उन्हें बाहर निकाला गया. तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
खबर मिलते ही फिंगेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है.
लगातार हो रही बारिश के कारण जिले के नदी-नालों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. प्रशासन ने लोगों से अपील किया कि तेज बहाव वाले नदी-नालों को पार करने का जोखिम न उठाएं और पूरी सतर्कता बरतें, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके.
सिकासेर जलाशय से छोड़े गए 15 हजार क्यूसेक पानी से राजिम त्रिवेणी संगम में बढ़ा जलस्तर, प्रशासन अलर्ट
राजिम : लगातार हो रही बारिश और सिकासेर जलाशय से 15 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद राजिम के पवित्र त्रिवेणी संगम में जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है. बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है.
राजिम एसडीएम, राजिम थाना प्रभारी और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने त्रिवेणी संगम पहुंचकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया. अधिकारियों ने नदी के बढ़ते जलस्तर का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का भी आकलन किया.
इसके साथ ही कल से शुरू हो रहे पवित्र श्रावण मास को देखते हुए संगम क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर की गई तैयारियों का भी अधिकारियों ने निरीक्षण किया. प्रशासन ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं और लोगों से नदी के किनारे अनावश्यक रूप से न जाने तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है.
लगातार बारिश और जलाशय से पानी छोड़े जाने के कारण आने वाले दिनों में जलस्तर और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है. जिसे देखते हुए प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है.











