शराब के नशे और चरित्र शंका में पत्नी की हत्या, हंसिया से वार कर उतारा मौत के घाट, आरोपी पति घनश्याम गिरफ्तार, मासूम बच्ची के सिर से उठा मां का साया

Spread the love

शराब के नशे और चरित्र शंका में पत्नी की हत्या, हंसिया से वार कर उतारा मौत के घाट, आरोपी पति घनश्याम गिरफ्तार, मासूम बच्ची के सिर से उठा मां का साया

दुर्ग/भिलाईनगर : दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत महामायापारा में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. चरित्र शंका के चलते एक युवक ने अपनी पत्नी पर सब्जी काटने वाली हंसिया से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई.
घटना स्थल पर ही महिला की मौत
म्मिली जानकारी के मुताबिक कुम्हारी क्षेत्र में वार्ड नम्बर 4, महामाया पारा दुर्गा मंच के पास रविवार की सुबह करीब 8 बजे आरोपी घनश्याम यादव उम्र 25 साल ने अपनी पत्नी दुर्गा यादव उम्र 24 साल पर हंसिया से कई जानलेवा वार किए. गंभीर चोटों की वजह से दुर्गा यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
छह महीने की मासूम बच्ची हुई मां से वंचित
बताया गया है कि मृतका की छह महीने की एक मासूम बच्ची भी है. इस वारदात के बाद बच्ची के सिर से मां का साया उठ गया. घटना से परिवार और आसपास के लोग स्तब्ध हैं.
चरित्र पर करता था शक
नगर पुलिस अधीक्षक (छावनी) प्रशांत पैकरा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता रहता था और शनिवार सुबह विवाद ने खूनी रूप ले लिया.
आरोपी हिरासत में, हत्या का मामला दर्ज
वारदात की खबर मिलते ही कुम्हारी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी घनश्याम यादव को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके खिलाफ कत्ल का मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस वारदात के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. वारदात में इस्तेमाल हंसिया को भी जब्त कर लिया गया है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
बता दें कि दोनों की शादी चार साल पहले हुई थी. उनका छह माह का एक बच्चा भी है. आरोपी घनश्याम आदतन शराबी है. वह अक्सर शराब के नशे में अपनी पत्नी पर पराए मर्द से संबंध रखने का आरोप लगाकर मारपीट किया करता था. 6 महीने के मासूम बच्चे के सिर से मां का साया उठ जाने से कुम्हारी बस्ती इलाके में शोक का माहौल है.

Author