रायपुर/नवापारा/कुर्रा : रायपुर जिला में गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के लगे ग्राम कुर्रा में सोमवार को 10 साल का मासूम हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आकर झुलस गया. बच्चे को नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.यह हादसा गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के ग्राम कुर्रा का है.
मिली जानकारी के मुताबिक कक्षा चौथी का छात्र डुमेंद्र कुमार उम्र 10 साल स्कूल की छुट्टी के बाद गांव के प्राथमिक शाला मैदान में दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहा था. इस दौरान गेंद टीन शेड पर जा गिरी. गेंद लाने के लिए छात्र डुमेंद्र कुमार शेड पर चढ़ा और 33 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया.
चश्मदीदों के मुताबिक करंट लगते ही तेज धमाके जैसी आवाज हुई और बच्चा शेड पर ही गिर पड़ा. साथ खेल रहे बच्चों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह डुमेंद्र को नीचे उतारकर फौरन पास के निजी अस्पताल पहुंचाया. चिकित्सकों के मुताबिक उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और इलाज जारी है.
चेतावनी के बाद भी नहीं जागा विभाग
हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. उनका कहना है कि स्कूल परिसर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन लंबे समय से हादसे को न्योता दे रही थी. सुशासन तिहार के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने विद्युत विभाग को आवेदन देकर इस लाइन को हटाने की मांग की थी. लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की. ग्रामीणों का आरोप है कि समय रहते लाइन हटाई जाती तो यह हादसा टाला जा सकता था.
विद्युत विभाग के AE धर्मेंद्र साहू ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें अभी मिली है. उन्होंने कहा कि संबंधित हाईटेंशन लाइन को हटाने के लिए विभाग के पास फिलहाल पर्याप्त फंड उपलब्ध नहीं है. हालांकि मामले की जांच कर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
2026-08-03











