गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : पेंड्रा जिले के कोटमीकला क्षेत्र में खेत में मिले अज्ञात महिला के शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. जांच में सामने आया कि अवैध संबंध को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए शव को खेत में फेंक दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल गमछा भी बरामद कर लिया है.
कोटमीकला चौकी क्षेत्र के ग्राम सेखवा में खेत से मिले महिला के शव की गुत्थी आखिरकार पुलिस ने सुलझा ली है. मामले की जांच में पता चला कि अवैध संबंधों को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने महिला की गला घोंटकर हत्या की और शव को खेत में फेंककर फरार हो गया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक 26 जुलाई 2026 को ग्राम सेखवा मेन रोड के पास स्थित खेत में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की खबर मिली थी. मौके पर पहुंची कोटमीकला पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. शुरुआती जांच में मृतका की पहचान नहीं हो सकी. जिसके बाद आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ और अन्य माध्यमों से उसकी शिनाख्त कराई गई. बाद में मृतका की पहचान संतोषी बाई पति स्व इतवार सिंह आयाम उम्र 40 साल निवासी ग्राम बैरा कलेवानार, थाना पसान के रूप में हुई.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज की. घटनास्थल से जुटाए गए सबूतों, तकनीकी जांच और संदिग्धों से पूछताछ के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले. इसके आधार पर मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के थाना रामनगर अंतर्गत फूलवारीटोला निवासी नान्हू प्रसाद चौधरी उम्र 38 साल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई.
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि उसका मृतका के साथ अवैध संबंध था. दोनों के बीच विवाद होने पर उसने गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद पहचान छिपाने की नीयत से शव को सेखवा गांव के खेत में फेंक दिया. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया सफेद गमछा भी बरामद किया है. सबूत छिपाने के प्रयास को देखते हुए मामले में संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर दिया है.
आरोपी
नान्हू प्रसाद पिता सूरजदीन चौधरी, उम्र 38 साल निवासी फूलवारीटोला, थाना रामनगर, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश)











