राजस्व रिकॉर्ड की गड़बड़ी का फायदा उठाकर दलाल ने की करोड़ों की धोखाधड़ी, 34 साल बाद दोबारा बेच दी जमीन, आरोपी रामगोपाल गिरफ्तार

Spread the love

जांजगीर-चांपा : 30 साल पहले एक व्यक्ति ने अपनी जमीन गांव के ही एक किसान को बेच दी थी. तब जमीन की रजिस्ट्री कराई लेकिन नामांतरण नहीं हो पाया था. इसी बात का फायदा उठाकर दोबारा उसी जमीन का सौदा कर दिया. जमीन के एवज में रुपये भी ले लिया. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी रामगोपाल यादव को ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक गौकरण पटेल निवासी कोटाडबरी ने 4 जून 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज बताया कि रामगोपाल यादव निवासी जगदल्ला ने अपने नाम दर्ज जमीन का सौदा 6 लाख 350 रुपये में किया था. तहसील कार्यालय चांपा में 100 रुपये के स्टाम्प पर इकरारनामा तैयार हुआ और सौदे के दौरान 50 हजार रुपये नकद अग्रिम और बाद में 5 लाख रुपये चेक के जरिए आरोपी और उसके बेटे को दिया, इसके बाद जमीन की रजिस्ट्री प्रार्थी की पत्नी के नाम कराई गई.
नामांतरण के दौरान हुआ खुलासा
नामांतरण की प्रक्रिया के दौरान खुलासा हुआ कि उक्त जमीन को आरोपी ने वर्ष 1996 में ग्राम कोसमंदा निवासी को बेच चुका था. हालांकि उस समय नामांतरण नहीं होने का फायदा उठाते हुए आरोपी ने दस्तावेजों में कूट रचना कर जमीन की दूसरी कॉपी हासिल कर ली और उसी जमीन की दोबारा रजिस्ट्री कर धोखाधड़ी की.
शिकायत पर थाना चांपा में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 336, 338 एवं 340(2) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरु की गई. जांच के दौरान गवाहों के बयान और दस्तावेजी सबूतों के आधार पर आरोपी द्वारा फर्जी दस्तावेज तैयार कर दोबारा जमीन बेचना साबित हुआ. पुलिस ने किसान पुस्तिका सहित संबंधित दस्तावेज जब्त करते हुए मामले में अतिरिक्त धाराएं जोड़कर आरोपी रामगोपाल यादव उर्फ ननकीदाऊ को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.

Author