कर्ज की किश्त और ब्याज को लेकर घर से सामान ले जाने का आरोप, दो महिला आरोपी गिरफ्तार, एक्टीवा-वाशिंग मशीन और मोबाइल फोन बरामद

Spread the love

दुर्ग : सुपेला थाना क्षेत्र में कर्ज की किश्त और ब्याज की रकम को लेकर एक महिला पर कथित रूप से दबाव बनाने, मारपीट और धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से प्रार्थिया के घर से ले जाए गए एक्टीवा वाहन, वाशिंग मशीन और मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किए गए हैं.
मिली जानकारी के मुताबिव कृपाल नगर, कोहका निवासी महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने जरूरत के चलते आरोपी सीमा यादव से अलग-अलग समय पर रकम उधार ली थी. सुरक्षा के तौर पर बैंक के चेक और हस्ताक्षरित स्टाम्प दिए गए थे. शिकायत में आरोप लगाया गया कि किश्तें चुकाने के बावजूद चेक वापस नहीं किए गए और भुगतान में देरी होने पर एक्स्ट्रा रकम देने के लिए दबाव बनाया गया.
घर पहुंचकर मारपीट और सामान ले जाने का आरोप
शिकायत के मुताबिक 19 जुलाई 2026 को दोनों महिलाएं प्रार्थिया के घर पहुंचीं और कथित तौर पर गाली-गलौज व मारपीट करते हुए धमकी दी. इस दौरान घर से पति के नाम रजिस्टर्ड एक्टीवा नम्बर CG-07-AU-3175, वर्लपूल कंपनी की वाशिंग मशीन और ओप्पो मोबाइल फोन ले जाने का आरोप लगाया गया.
मामले में सुपेला थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 1138/2026 के तहत धारा 296, 351(2), 308(2), 3(5) बीएनएस और संबंधित कर्जा/साहूकारी अधिनियम के तहत जुर्म दर्ज कर जांच शुरू की.
पूछताछ के बाद सामान बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों को थाने बुलाकर पूछताछ की. जांच के दौरान मिले सबूतों और आरोपियों की निशानदेही पर कथित तौर पर ले जाया गया सामान अलग-अलग स्थानों से बरामद किया गया. इसके बाद सीमा यादव उम्र 36 साल और बबली साहू उम्र 44 साल को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया. जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया.
पुलिस के मुताबिक मामले में आरोपी कथित तौर पर ब्याज पर रकम देने के दौरान सुरक्षा के रूप में चेक और हस्ताक्षरित दस्तावेज अपने पास रखते थे और किश्त भुगतान में देरी होने पर एक्स्ट्रा रकम की मांग कर दबाव बनाते थे. विवाद की स्थिति में सामान अपने कब्जे में लेने का भी आरोप है.
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि निजी स्तर पर ब्याज पर राशि लेने-देने के मामलों में वैधानिक प्रक्रिया और दस्तावेजों की जानकारी जरूर सुनिश्चित करें. धमकी, मारपीट, जबरन सामान ले जाने या अवैध वसूली की स्थिति में तत्काल पुलिस को खबर देने की अपील की गई है.

Author