राजीव लोचन मंदिर में चैन स्नेचिंग, दर्शन के दौरान देवरानी के साथ राजिम पहुंची जेठानी के गले से 30 हजार का सोने का मंगलसूत्र पार, जांच में जुटी पुलिस

Spread the love

गरियाबंद/राजिम : धर्मनगरी राजिम स्थित प्रसिद्ध राजीव लोचन मंदिर में दर्शन करने आई एक महिला श्रद्धालु का सोने का मंगलसूत्र चोरी होने का मामला सामने आया है. पीड़िता की शिकायत पर राजिम पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ जुर्म दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक पीड़िता गायत्री साहू (कक्षा 5वीं तक शिक्षित व पेशा किसानी) अपने परिवार की देवरानी त्रिवेणी साहू के साथ दर्शन करने राजीव लोचन मंदिर राजिम पहुंची थी. मंदिर परिसर में प्रवेश करने से पहले उनके गले में उनका पुराना सोने का मंगलसूत्र मौजूद था.
गर्भगृह के पास भीड़ का उठाया फायदा
सेमवार दोपहर करीब 1:30 बजे जब गायत्री साहू मंदिर परिसर में दर्शन कर रही थीं. उसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात शातिर चोर ने उनके गले से सोने का मंगलसूत्र पार कर दिया. मंगलसूत्र में सोने का एक पेंडल और 8 सोने के दाने लगे हुए थे. जिसकी कुल अनुमानित कीमत करीब 30,000 रुपये बताई जा रही है.
खोजबीन के बाद पहुंचीं थाना
गले से मंगलसूत्र गायब होने का अहसास होते ही महिला के होश उड़ गए. उन्होंने फौरन अपनी देवरानी त्रिवेणी साहू को घटना की जानकारी दी और आसपास के लोगों की मदद से मंदिर परिसर व आसपास काफी खोजबीन की. हालांकि चोर का कोई सुराग नहीं मिल सका.
इसके बाद पीड़िता ने राजिम थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने महिला के बताए मुताबिक रिपोर्ट दर्ज कर ली है. मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. ताकि अज्ञात चोर की पहचान की जा सके. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Author