मुंगेली/लोरमी : छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में एक मकान के भीतर पति-पत्नी के शव संदिग्ध हालत में मिलने से सनसनी फैल गई है. दोनों शव करीब तीन से चार दिन पुराने बताए जा रहे हैं. मकान के बाहर ताला लगा हुआ था और अंदर से तेज बदबू आ रही थी. शुरुआती जांच में पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है. घटना लोरमी थाना क्षेत्र के ग्राम नवलपुर की है
मिली जाकारी के मुताबिक नंद कुमार कश्यप और उनकी पत्नी गौरी कश्यप दोनों गांव के एक मकान में साथ रहते थे. पिछले कुछ दिनों से उन्हें आसपास के लोगों ने नहीं देखा था. शुरुआत में पड़ोसियों ने इस तरफ ज्यादा ध्यान नहीं दिया. लेकिन मकान से तेज बदबू आने के बाद उन्हें अनहोनी की आशंका हुई.
स्थानीय लोगों ने घर के पास जाकर देखा तो दरवाजे पर बाहर से ताला लगा हुआ था. भीतर से लगातार बदबू आने की वजह से पड़ोसियों ने फौरन लोरमी पुलिस को खबर दी. एक ही मकान में रहने वाले पति-पत्नी के कई दिनों से दिखाई नहीं देने और बाहर ताला लगे होने की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम गांव पहुंची.
पुलिस ने आसपास के लोगों की मौजूदगी में मकान के बाहर लगे ताले को तोड़ा और भीतर प्रवेश किया. घर के अंदर नंद कुमार कश्यप और गौरी कश्यप के शव पड़े मिले. दोनों शवों की हालत देखकर अनुमान लगाया गया कि उनकी मौत करीब तीन से चार दिन पहले हुई होगी. पुलिस ने पूरे मकान को जांच के लिए सुरक्षित करते हुए किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी.
मकान के बाहर से ताला लगा होना इस मामले को और ज्यादा संदिग्ध बना रहा है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घटना प्रथम दृष्टया हत्या की मालूम हो रही है. हालांकि, दोनों की मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही साफ होगा. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है.
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए लोरमी पुलिस के साथ फॉरेंसिक विशेषज्ञों और साइबर सेल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने मकान के कमरों, दरवाजों और अन्य स्थानों से जरूरी सबूत जुटाए हैं. घटनास्थल पर मौजूद वस्तुओं की बारीकी से जांच की जा रही है. संदिग्ध निशानों, फिंगरप्रिंट और अन्य वैज्ञानिक सबूतों को सुरक्षित किया गया है.
साइबर सेल की टीम मृतक दंपति के मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड और हाल में संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले पति-पत्नी की किन लोगों से बातचीत हुई थी. उनके घर पर आखिरी बार कौन आया था और दोनों को आखरी बार कब देखा गया था. इसकी जानकारी के लिए पड़ोसियों तथा परिचितों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस दंपति के पारिवारिक संबंधों, संपत्ति विवाद, आपसी रंजिश, पुराने विवाद और लेन-देन सहित सभी संभावित पहलू की जांच कर रही है. घर के बाहर ताला लगाने के पीछे आरोपियों का मकसद घटना को कई दिनों तक छिपाए रखना हो सकता है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी संदिग्ध या आरोपी के बारे में आधिकारिक जानकारी नहीं दी है.
जांच टीम गांव और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी भी जुटा रही है. गांव में आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों और वाहनों के बारे में पूछताछ की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का समय, कारण और शरीर पर मौजूद चोटों के बारे में अहम जानकारी मिलने की संभावना है. एक ही घर में पति-पत्नी के शव मिलने से नवलपुर गांव में दहशत का माहौल है.
घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी तादाद में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए. पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और जांच में मदद करने की अपील की है. पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा.
2026-08-25











