रायपुर : राजधानी रायपुर के सरस्वतीनगर थाना क्षेत्र स्थित भवानी नगर कोटा में कुत्ते द्वारा घर के सामने गंदगी (पोटी) करने का विरोध करने पर एक कॉलेज छात्रा पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया. वारदात में छात्रा का सिर फटने से वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गई. वहीं बीच-बचाव करने आई उसकी बहन से भी मारपीट की गई. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक भवानी नगर कोटा निवासी मनीषा दास उम्र 19 साल बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है. सुबह करीब 11:30 बजे मनीषा कॉलेज जाने के लिए तैयार हो रही थी. इसी दौरान उसने देखा कि पड़ोस में रहने वाले जयपाल पटेल का पालतू कुत्ता उसके घर के सामने सीढ़ी के पास गंदगी कर गया है.
जब मनीषा ने जयपाल पटेल के बेटे जागेश्वर पटेल से कुत्ते द्वारा की गई गंदगी को साफ करने और कुत्ते को बांधकर रखने के लिए कहा तो विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि जागेश्वर पटेल ने छात्रा के साथ अश्लील गाली-गलौज की.
विवाद बढ़ने पर जयपाल पटेल अपने दोनों बेटों- जागेश्वर पटेल और वंश पटेल के साथ मौके पर पहुंचा. आरोप है कि गाली-गलौज करते हुए आरोपियों ने लोहे की रॉड से मनीषा के सिर पर वार कर दिया. जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी और बेहोश हो गई.
शोर सुनकर मनीषा की बहन चित्रा दास जब बीच-बचाव करने बाहर आई. तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की. जिससे उसके हाथ में चोट आई. चीख-पुकार सुनकर आसपास के पड़ोसी मौके पर पहुंचे और किसी तरह मामला शांत कराया. फौरन घायल छात्रा को इलाज के लिए रायपुर एम्स (AIIMS) अस्पताल ले जाया गया.
पीड़ित पक्ष की शिकायत पर सरस्वती नगर थाना पुलिस ने जयपाल पटेल, जागेश्वर पटेल और वंश पटेल के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है.
2026-08-29











