नदी में बहकर आए बैंक लॉकर से निकाले 92 लाख, बहकर आ रही लाशों से चोरी, 29 गिरफ्तार, 626 की मौत, भाजपा नेता की बेटी समेत 2,426 लापता

Spread the love

नेपाल : कैलाश मानसरोवर यात्रा के दौरान नेपाल की बाढ़ में छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ भाजपा नेता करता राम गुप्ता की बेटी डॉ. मीना गुप्ता लापता हो गई. हादसे के समय वह अपनी टीम के साथ नेपाल-तिब्बत सीमा स्थित इमीग्रेशन सेंटर में मौजूद थीं. उनके साथ दल के करीब 80 लोग भी लापता बताए जा रहे हैं. डॉ. मीना गुप्ता कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गई थीं. वह वर्तमान में इंग्लैंड में स्किन स्पेशलिस्ट के रूप में काम करती हैं.
यात्रा का सफर
डॉ. मीना 14 अगस्त को दिल्ली पहुंची थीं. इसके बाद एक आध्यात्मिक गुरु के साथ करीब 80 लोगों का दल दिल्ली से काठमांडू रवाना हुआ. 23 अगस्त को दल ने कैलाश मानसरोवर यात्रा पूरी कर ली थी.
करता राम गुप्ता अंबिकापुर नगर निगम के एल्डरमैन और भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं. उन्होंने बताया कि संचार व्यवस्था ठप होने के कारण अभी तक बेटी से कोई संपर्क नहीं हो सका है. परिवार डॉ. मीना की सकुशल वापसी के लिए प्रार्थना कर रहा है. डॉ. मीना गुप्ता की प्रारंभिक शिक्षा अंबिकापुर के होलीक्रॉस स्कूल से हुई. डॉक्टर बनने के बाद वह इंग्लैंड में बस गईं और स्किन स्पेशलिस्ट के रूप में काम कर रही हैं.
नेपाल बाढ़ में हजारों लापता
अब तक के अपडेट में 626 मौतों और 2,426 लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई थी. करीब 2,500 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है. इनमें 163 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं. इसके अलावा 517 विदेशी नागरिकों का भी अभी तक पता नहीं चल पाया है.
इंसानियत को शर्मसार करने वाले कई मामले
नेपाल में बाढ़ की तबाही के बीच इंसानियत को शर्मसार करने वाले कई मामले सामने आ रहे हैं. बाढ़ के तेज बहाव में एक बैंक का सेफ बॉक्स बह गया था. यह बाद में त्रिशूली नदी के किनारे फंस गया. लोगों को जब इसका पता चला तो कुछ लोगों ने कथित तौर पर सेफ तोड़कर उसके अंदर रखी रकम निकालने की कोशिश की. बाढ़ के पानी के साथ बहकर आए एक बैंक सेफ को तोड़कर रकम निकालने के आरोप में 29 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों के पास से 92 लाख 68 हजार 505 नेपाली रुपये बरामद किए हैं.
महिला के शव से सोने की बालियां भी निकालीं
बाढ़ के बीच नदी में बहकर आए एक महिला के शव से सोने की बालियां निकालने के आरोप में दो लोगों मदन गुरुंग उम्र 25 साल और उमेश चौधरी उम्र 38 साल को गिरफ्तार किया गया है. इस घटना ने बाढ़ के बीच कानून-व्यवस्था और मानवीय संवेदनाओं को लेकर भी सवाल खड़े किए.
नदी से मिले 233 शव, 229 की पहचान नहीं
बाढ़ के बाद नदियों से 233 शव बरामद किए जा चुके हैं. इनमें सिर्फ चार की पहचान हो पाई है. बाकी 229 शव अभी अज्ञात हैं. शव तेजी से खराब हो रहे हैं. लंबे वक्त तक इन्हें सुरक्षित रखना मुश्किल है. प्रशासन ने अज्ञात शवों को दफनाने का फैसला किया है.

Author