रायगढ़ : रायगढ़ जिले की पुलिस ने “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत पत्नी की हत्या कर करीब चार महीने से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है. फरार आरोपी के गांव आने की खबर मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा को गिरफ्तार किया. आरोपी घटना के बाद से तमिलनाडु में फरारी काट रहा था.
हत्या के बाद फरार हो गया आरोपी
मिली जानकारी के मुताबिक थाना कापू में धारा 194 बीएनएसएस के तहत मृतिका ननकी बाई पहाड़ी कोरवा पति कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा 30 साल निवासी गुड़ाआमा इंचपारा पेलमा की मौत के मामले में मर्ग जांच की जा रही थी. 4 जून को घटना को लेकर मर्ग इंटिमेशन दर्ज किया गया. मर्ग जांच के दौरान मृतिका के पिता जीतन राम पहाड़ी कोरवा सहित चश्मदीदों और गवाहों के बयान लिए गए. गवाहों द्वारा बताया गया कि 3 जून को मृतिका का पति आरोपी कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा अपनी पत्नी के साथ मारपीट करते हुए इंचपारा से गुड़ाआमा की तरफ ले जा रहा था. गाड़ा घुटरा जंगल-पहाड़ी रास्ते के पास आरोपी द्वारा मृतिका के साथ हाथ-मुक्का, डंडा और पत्थर से मारपीट की गई. जिससे उसके सिर, गाल, चेहरे, आंख, पीठ, जांघ और कोहनी में गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई.
तत्कालीन थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव ने मृतिका के शव का पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी कापू भेजा. मिली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक द्वारा मृतिका की मौत को हत्या होना लेख किया गया. मर्ग जांच में आरोपी कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा के खिलाफ अपराध घटित करना पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ थाना कापू में धारा 103(1) बीएनएस के तहत जुर्म दर्ज कर मामला जांच में लिया गया. वारदात के बाद से आरोपी लगातार फरार था और उसके तमिलनाडु में होने की जानकारी पुलिस को मिल रही थी.
ऐसे पकड़ाया आरोपी
थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की को खबर मिली कि हत्या का फरार आरोपी कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा अपने गांव गुड़ाआमा इंचपारा पेलमा आया हुआ है. खबर पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया.
पत्नी की हत्या
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना दिनांक को वह अपनी पत्नी ननकी बाई के साथ चावल खरीदने ग्राम घोघरा बाजार गया था. रास्ते में दोनों ने शराब का सेवन किया था. वापस घर आते समय गाड़ा घुटरा जंगल-पहाड़ी रास्ते के पास उसकी पत्नी नशे की हालत में रास्ते में सो गई. आरोपी के मुताबिक घर चलने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया. विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पत्नी के साथ हाथ-मुक्का और वहीं से लकड़ी डंडा उठाकर मारपीट की और पास पड़े पत्थर से उसके सिर पर बार-बार वार कर दिया. जिससे उसकी मौत हो गई.
आरोपी ने बताया कि हत्या के बाद गिरफ्तारी के डर से वह तमिलनाडु फरार हो गया था और पुलिस से बचने के लिए मोबाइल फोन का उपयोग नहीं कर रहा था. आरोपी के पास आधार कार्ड भी नहीं है.
आरोपी की निशानदेही पर पत्थर और डंडा बरामद
कापू पुलिस द्वारा आरोपी को घटनास्थल पर ले जाकर घटनाक्रम का पुनर्निर्माण कराया गया. आरोपी की निशानदेही पर जुर्म में इस्तेमाल पत्थर और डंडा बरामद कर जब्त किया गया. आरोपी को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जा रही है.
गिरफ्तार आरोपी
कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा पिता धनयुराम पहाड़ी 29 साल निवासी गुड़ाआमा इंचपारा पेलमा, थाना कापू, जिला रायगढ़
2026-08-29











