चोरी और झपटमारी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश, बाजार में महिलाओं को निशाना बनाने वाली दो महिला समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : गौरेला के मंगली बाजार में चोरी और झपटमारी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह पर गौरेला पुलिस ने कार्रवाई की है. पुलिस ने मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 121(1), 132, 221 और 333 के तहत जुर्म दर्ज किया है.
पहला मामला
ग्राम तेंदूमूड़ा निवासी कमला बाई सोनवानी का है. वह मंगली बाजार में सामान खरीदने गई थीं. शाम करीब 4 बजे वह मनिहारी की दुकान पर सामान देख रही थीं. इसी दौरान एक महिला अपने छोटे बच्चे के साथ वहां पहुंची और भीड़ का फायदा उठाकर कमला बाई के गले से करीब 8 हजार रुपए कीमत के दो सोने के लॉकेट झपटकर भाग गई.
कमला बाई शिकायत दर्ज कराने गौरेला थाने पहुंचीं. इसी दौरान आरोपी महिला भी थाने में मौजूद थी पुलिस ने उसकी पहचान संतोषी बंसल के रूप में की. पूछताछ और तलाशी में उसके पास से कमला बाई के दोनों सोने के लॉकेट बरामद हो गए.
दूसरा मामला
ज्योतिपुर निवासी कौशिल्या ध्रुर्वे शाम करीब 4:30 बजे वह डॉक्टर के क्लीनिक के सामने फल खरीद रही थीं. इसी दौरान संतोषी बंसल ने उनके कंधे पर टंगा गुलाबी रंग का पर्स झपट लिया और भागने लगी. पर्स में 1,550 रुपए रखे थे. पर्स झपटकर भाग रही महिला को आसपास मौजूद लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया. इसके बाद डायल-112 की मदद से उसे पुलिस के हवाले किया गया.
दोनों महिलाओं की शिकायत पर गौरेला पुलिस ने मामला दर्ज किया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संतोषी बंसल समेत गिरोह के कुल तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है. पुलिस मामले में आरोपियों से पूछताछ कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है.

Author