अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को मारी जोरदार टक्कर, एक युवक की मौत, दुसरा घायल
डौंडी लोहारा : थाना डौंडी क्षेत्र के अवारी नाला के पहले शनिवार शाम करीब 5 बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई. जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया. हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. मृतक की पहचान नरेंद्र नुरेटी पिता कोमल नुरेटी, उम्र 25 साल निवासी मरारामखेड़ा, बलोदा के रूप में हुई है. वहीं घायल उमेंद्र कुमार गायकवाड़, उम्र करीब 57 साल निवासी अवारी बताए जा रहे हैं.
इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही 112 और 108 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. खबर पर डौंडी पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. वाहन चालक टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया. पुलिस द्वारा अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
कुम्हारी-अहिवारा मार्ग पर कार और स्पोर्ट्स बाइक की आमने-सामने टक्कर
दुर्ग/भिलाई नगर : नंदिनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को कुम्हारी-अहिवारा मुख्य मार्ग पर जिओ पेट्रोल पंप के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार कार और स्पोर्ट्स बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार 3 साल के बच्चे की मौत हो गई. जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल पिता को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर स्थित एम्स रेफर किया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक कुम्हारी के रामनगर निवासी कोमल प्रसाद साहू उम्र करीब 30 साल अपने 3 साल के बेटे दिनेश कुमार साहू के साथ स्पोर्ट्स बाइक नम्बर CG04 BT 9488 से जा रहे थे. इसी दौरान अहिवारा स्थित जिओ पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही सफेद रंग की कार नम्बर CG07 GK 0045 के चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार बाप-बेटे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया जहां इलाज के दौरान 3 साल के दिनेश कुमार साहू ने दम तोड़ दिया. वहीं, उसके पिता कोमल प्रसाद साहू की हालत नाजुक बताई जा रही है. उन्हें रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया है. जहां उनका इलाज जारी है.
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया. हादसे की खबर मिलने पर नंदिनी पुलिस मौके पर पहुंची और कार को जब्त कर नंदिनी थाने में खड़ा कराया गया. पुलिस ने मृत बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले में मर्ग कायम किया गया है.
मृतक बच्चे के पिता के बड़े भाई की रिपोर्ट पर नंदिनी पुलिस ने कार चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है. पुलिस फरार कार चालक की तलाश में जुटी हुई है और हादसे के मामले में आगे की जांच की जा रही है.











