व्हाट्सऐप स्टेटस में सरपंच, सचिव व ग्रामीणों पर अभद्र टिप्पणी करना पड़ा भारी, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट का आरोपी उमेश्वर गिरफ्तार

Spread the love

धमतरी/नगरी : सोशल मीडिया के दुरुपयोग और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले कृत्यों के खिलाफ धमतरी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है. पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में बोराई पुलिस ने ग्राम कसपुर में व्हाट्सऐप स्टेटस के जरिए सरपंच, सचिव एवं ग्रामीणों के बारे में अभद्र टिप्पणी कर गांव का माहौल बिगाड़ने के मामले में एक युवक के खिलाफ वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है.
मिली जानकारी के मुताबिक 20 अगस्त 2026 को ग्राम कसपुर निवासी उमेश्वर उर्फ उमेश कुमार चक्रधारी ने अपने व्हाट्सऐप स्टेटस पर गांव के सरपंच, सचिव और ग्रामीणों के बारे में अभद्र टिप्पणी की थी. इसके बाद गांव में विवाद और अशांति की स्थिति निर्मित होने की शिकायत पुलिस को मिली. समझाइश दिए जाने के बावजूद आरोपी के लड़ाई-झगड़े और मारपीट पर उतारू होने की स्थिति की जानकारी सामने आई.
इस मामले में ग्राम कसपुर के सरपंच बोधन सिंह मरकाम ग्रामीणों के साथ थाना बोराई पहुंचे और शिकायत आवेदन पेश किया. शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने उमेश्वर उर्फ उमेश कुमार चक्रधारी पिता संतूराम चक्रधारी उम्र 30 साल निवासी ग्राम कसपुर, थाना बोराई, जिला धमतरी को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया.
शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मकसद से पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगासा तैयार किया. इसके बाद आरोपी को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, नगरी के सामने पेश किया गया. जहां से उसे जिला जेल धमतरी भेज दिया गया.

Author