राजनांदगांव/छुरिया : छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं. छुरिया थाना क्षेत्र के शिकारीमहका-भोलापुर मार्ग पर मंगलवार शाम बाइक और स्कॉर्पियो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में एक ही परिवार के तीन सगे भाई-बहनों समेत चार लोगों की मौत हो गई. दोनों बहनें शादीशुदा थीं और त्योहार मनाने अपने मायके आई थीं. भाई उन्हें त्योहार की खरीदारी कराने छुरिया लेकर गया था. लौटते समय हुए हादसे ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया.
शॉपिंग कर घर लौट रहे थे भाई-बहन
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम गहिराभेड़ी निवासी संदीप साहू उम्र 19 साल अपनी बहनों भारती साहू उर्फ भूपेश्वरी उम्र 23 साल और टिकेश्वरी साहू उर्फ डीकेश्वरी उम्र 25 साल के साथ 1 सितंबर को त्योहार की खरीदारी के लिए छुरिया गए थे. शाम को तीनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे. करीब 7 बजे नहर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
मौके पर दो की मौत, तीसरी बहन ने अस्पताल में तोड़ा दम
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों बाइक सवार दूर जा गिरे. हादसे में संदीप और उनकी एक बहन भारती साहू की मौके पर ही मौत हो गई. दूसरी बहन टिकेश्वरी साहू गंभीर रूप से घायल हो गई. राहगीरों की खबर पर डायल 112 की टीम पहुंची और उन्हें छुरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहां से मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर किया गया. लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई.
स्कॉर्पियो सवार बुजुर्ग ने भी दम तोड़ा
इस हादसे में स्कॉर्पियो सवार लोगों को भी चोटें आईं. इनमें भोलापुर निवासी कमल बंजारे उम्र 65 साल की तबीयत बिगड़ गई, बताया गया कि उनका बीपी लो हो गया था, इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया, इस तरह हादसे में कुल चार लोगों की जान चली गई,
गांव में पसरा मातम
हादसे के बाद छुरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया. पुलिस हादसे की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर अंधेरा और तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है. एक साथ तीन भाई-बहनों की मौत से गहिराभेड़ी गांव में शोक की लहर है. अंतिम संस्कार में बड़ी तादाद में ग्रामीण शामिल हुए. खुज्जी विधायक भोलाराम साहू और पूर्व विधायक छन्नी साहू भी अंतिम संस्कार में पहुंचे.
2026-09-02











