दुर्ग-भिलाई : छत्तीसगढ़ के भिलाई में SLRM (सॉलिड एंड लिक्विड रिसोर्स मैनेजमेंट) सेंटर का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. इसमें जोन-4 के प्रभारी जोन स्वास्थ्य अधिकारी हेमंत कुमार मांझी और उनके विभाग के कुछ कर्मचारी पार्टी करते नजर आ रहे हैं. कथित तौर पर शराब और कुछ आपत्तिजनक गतिविधियां भी दिखाई दे रही हैं.
इसके अलावा वे ‘I Am A Disco Dancer’ गाने पर डांस करते भी दिखाई दे रहे हैं. वीडियो वायरल होने के बाद नगर निगम ने मामले को गंभीरता से लिया है. निगम आयुक्त सुरूचि सिंह ने स्वास्थ्य अधिकारी हेमंत कुमार मांझी को स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया है. साथ ही तय समय के अंदर जवाब देने के लिए कहा गया है. मामला जोन-4 खुर्सीपार स्थित SLRM सेंटर का है.
मिली जानकारी के मुताबिक सॉलिड एंड लिक्विड रिसोर्स मैनेजमेंट सेंटर शहर में निकलने वाले कचरे को अलग करने और उसे आगे भेजने के काम से जुड़े होते हैं. यहां निगम के कर्मचारी और सफाई से जुड़े लोग काम करते हैं. वायरल वीडियो में कर्मचारी-अधिकारी परिसर में बैठे दिखाई दे रहे हैं. इसी दौरान पार्टी किए जाने की बात सामने आई है. वीडियो में शराब होने का दावा भी किया जा रहा है.
सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से फैलने के बाद मामला निगम अधिकारियों तक पहुंचा. इसके बाद संबंधित कर्मचारियों से जवाब मांगा गया है. नोटिस के जरिए पूछा गया है कि सेंटर परिसर में इस तरह की गतिविधियां किसकी अनुमति से हुईं और वहां पार्टी करने की जरूरत क्यों पड़ी.
मामले में कर्मचारियों के जवाब के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी. आयुक्त सुरूचि सिंह की ओर से जारी नोटिस के बाद अब कर्मचारियों के जवाब पर नजर है. अगर जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो निगम प्रशासन की तरफ से जिम्मेदार कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई भी हो सकती है.
2026-09-03











