बालोद : शहर में 22 वर्षीय युवती पर हुए जघन्य एसिड अटैक के मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई और दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में न्याय की उम्मीद मजबूत हुई है. पुलिस द्वारा आरोपियों को पैदल न्यायालय ले जाए जाने के दौरान घड़ी चौक पर भारी जनाक्रोश देखने को मिला. जहां गुस्साए नागरिकों ने आरोपियों के चेहरे पर कालिख पोती और कड़ी से कड़ी सजा व फांसी की मांग की.
वही पुलिस की सजगता से आरोपियों को सुरक्षा घेरे में न्यायालय में पेश किया गया. जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद जिला जेल भेज दिया गया है.

त्वरित पुलिस कार्रवाई पर जताया आभार
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए बालोद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुस्तैदी के आधार पर महज कुछ ही समय में आरोपियों को दबोच लिया. पुलिस की इस कार्यप्रणाली, तत्परता और संवेदनशीलता की सर्वत्र सराहना हो रही है. आमजन, छात्र-छात्राओं और पीड़ित परिवार ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए बालोद पुलिस महकमे का हृदय से धन्यवाद और साधुवाद व्यक्त किया है.

नशे के अवैध कारोबार पर सर्जिकल स्ट्राइक की मांग
एसिड अटैक मामले में दिखे व्यापक जनआक्रोश और पुलिस की मुस्तैदी के बीच शहर के प्रबुद्ध वर्ग और आम नागरिकों ने एक और गंभीर मुद्दे की ओर ध्यान आकर्षित किया है. शहरवासियों का कहना है कि जिस तरह पुलिस ने इस संगीन अपराध पर त्वरित एक्शन लिया. ठीक उसी तरह का कड़ा प्रहार बालोद में पैर पसार रहे नशे के कारोबार पर भी होना चाहिए.

युवा पीढ़ी को बचाने की गुहार:
नागरिकों का मानना है कि युवा पीढ़ी को नशे की गर्त में धकेलने वाले गिरोहों पर भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है.
चेम्बर ऑफ कॉमर्स की पहल:
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (इकाई बालोद) द्वारा पूर्व में 17 मार्च 2026 को जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर जिले में फैल रहे नशे के कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की जा चुकी है.
आमजन को भरोसा है कि जांबाज बालोद पुलिस महकमा जिस निष्पक्षता और मुस्तैदी से जघन्य अपराधों पर नकेल कस रहा है, उसी दृढ़ संकल्प के साथ शहर से नशे के जाल को भी जड़ से उखाड़ फेंकने में सफलता हासिल करेगा.










