आज वैशाख अमावस्या मनाई जा रही है. साथ ही आज सूर्य ग्रहण भी है. वैशाख अमावस्या के दिन को बहुत महत्वपूर्ण और शुभ दिन माना जाता है. मान्यता है कि इस दिन पवित्र नदियों में स्नान करने से पापों से मुक्ति मिल जाती है. कहा जाता है कि वैशाख अमावस्या का दिन बड़ा ही पवित्र माना जाता है और इस दिन शुद्ध आचरण करके स्नान करने से शीघ्र फल मिलता है. लेकिन इस दिन कुछ चीजों को लेकर सावधानी बरतनी चाहिए. हम आपको ऐसे कार्य बता रहे हैं, जिन्हें वैशाख अमावस्या के दिन करने से बचना चाहिए.
1. शास्त्रों के अनुसार, वैशाख अमावस्या के दिन बुरी आत्माएं सक्रिय हो जाती हैं और व्यक्ति को नुकसान पहुंचा सकती हैं. इसलिए किसी भी व्यक्ति को इस दिन कब्रिस्तान या श्मशान घाट के आस-पास से गुजरने से बचना चाहिए.
2. वैशाख अमावस्या के दिन सुबह जल्दी उठना चाहिए. स्नान और पूजा से पहले इस दिन कुछ भी खाना नहीं चाहिए.
3. गरुण पुराण में बताया गया है कि वैशाख अमावस्या के दिन संबंध बनाने की वजह से जन्मे बच्चों को जीवनभर सुख नहीं मिलता है. इसलिए किसी भी महिला और पुरुष को इस दिन संबंध बनाने से बचना चाहिए.
4. इस दिन अपने घर और आस पास शांति बनाए रखने की कोशिश करें. किसी भी तरह की क्लेश, लड़ाई-झगड़े का हिस्सा बनने से बचें. किसी से भी व्यक्ति का अपमान न करें.
5. वैशाख अमावस्या के दिन स्नान का खास महत्व होता है. इस दिन स्नान के पानी में गंगाजल मिलाकर स्नान करें. लेकिन स्नान से पहले मौन रहने की कोशिश करें.
6. वैशाख अमावस्या के दिन अल्कोहल, मांस, मछली आदि चीजों के सेवन को वर्जित माना जाता है. इसलिए इन चीजों के सेवन से बचें.
7. पितरों की आत्मा की शांति के लिए तर्पण एवं उपवास करें और किसी गरीब व्यक्ति को दान-दक्षिणा दें. अमावस्या के दिन दान का भी बहुत महत्व होता है.
8. इस तिथि को राहु और केतु की उपासना विशेष फलदायी होती है. इनकी उपासना करने से जीवन में चल रहे सभी संकटों से मुक्ति मिल सकती है.







