मुंबई इंडियंस ने शेयर किया वीडियो, अब अर्जुन तेंदुलकर ने दिखाई पावर हिटिंग

Spread the love

अर्जुन तेंदुलकर आईपीएल 2023 के मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपने प्रभावशाली ओवर के बाद से चर्चा का विषय बने हुए हैं. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अंतिम ओवर में मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने अर्जुन तेंदुलकर के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी. युवा पेसर ने इस जिम्मेदारी को बखूबी निभाया और 20 रनों का शानदार तरीके से बचाव किया. अर्जुन के ओवर के वक्त कमेंट्री कर रहे रवि शास्त्री ने भी उनकी बॉलिंग, प्लानिंग और समझ की जमकर तारीफ की. अपनी बॉलिंग का कमाल दिखाने के बाद अब अर्जुन तेंदुलकर अपनी बैटिंग का हुनर भी दिखाने के लिए तैयार हैं.

मुंबई इंडियंस ने अर्जुन तेंदुलकर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह अपना पावर हिटिंग स्किल दिखा रहे हैं. अर्जुन तेंदुलकर ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अपना आईपीएल डेब्यू किया था. इसके बाद उन्होंने दूसरा मैच सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेला था. इन दोनों की मैचों अर्जुन को बॉलिंग का मौका तो मिला, लेकिन उन्हें अपनी बैटिंग स्किल दिखाने का मौका नहीं मिल पाया. अब अर्जुन ने नेट पर अपनी बैटिंग दिखाई है. ऐसे में उम्मीद है कि फैन्स को जल्दी ही आईपीएल के दौरान भी उनकी बैटिंग गेखने को मिल सकती है.

अर्जुन तेंदुलकर ने पिछले साल गोवा के लिए अपना यादगार फर्स्ट क्लास डेब्यू किया था. उन्हें अपने पिता सचिन तेंदुलकर की तरह ही अपने रणजी डेब्यू मैच में शतक जड़ने का कारनामा किया था. अर्जुन ने राजस्थान के खिलाफ डेब्यू मैच में 120 रनों की पारी खेली थी और 3 विकेट भी लिए थे. उनके ऑलराउंड परफॉर्मेंस की जमकर तारीफ हुई थी. अब आईपीएल में एक विकेट लेकर अर्जुन तेंदुलकर अपन पिता सचिन तेंदुलकर से आगे निकल गए हैं, क्योंकि मास्टर ब्लास्टर आईपीएल में कोई विकेट नहीं ले सके थे. वहीं, सचिन तेंदुलकर ने आईपीएल में एक शतक जड़ा था तो ऐसे में फैन्स को अर्जुन के शतक का इंतजार भी है. और अर्जुन की बल्लेबाजी का यह वीडियो देखने के बाद कहा जा सकता है कि आईपीएल के इस सीजन में फैन्स को जूनियर तेंदुलकर का शतक देखने को मिल सकता है.

बता दें कि 23 साल के युवा पेसर अर्जुन तेंदुलकर ने विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली टी20 टूर्नामेंट में भी शानदार परफॉर्म किया था. अर्जुन को मुंबई इंडियंस ने 2021 के आईपीएल ऑक्शन में खरीदा था. तीन साल इंतजार करने के बाद 2023 में अर्जुन को अपना पहला आईपीएल मैच खेलने को मिला था. पहले मैच में खाली हाथ रहने के बाद दूसरे में अर्जुन को पहला विकेट मिला.

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपना पहला आईपीएल विकेट लेने के बाद अर्जुन तेंदुलकर ने कहा, ”जाहिर तौर पर अपना पहला आईपीएल विकेट हासिल करना शानदार रहा. मुझे बस इस बात पर ध्यान देना था कि क्या मेरे पास क्या है, योजना और उसे पूरा करें.” मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि अर्जुन तेंदुलकर अपने रोल को लेकर कॉन्फिडेंट थे.

उन्होंने कहा, ”अर्जुन पिछले तीन साल से इस टीम का हिस्सा हैं. मैंने उन्हें वर्षों में विकसित होते देखा है. वह समझते हैं कि वह क्या करना चाहते हैं और वह इस बात को लेकर काफी आश्वस्त है कि वह टीम के लिए क्या करना चाहते हैं.”

Author