पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को कहा कि यदि कर्नाटक में 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव से भाजपा का ‘‘पतन” शुरू होता है तो उन्हें खुशी होगी। बनर्जी ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के जनसंपर्क अभियान को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर अपने हितों के लिए हिंदू धर्म को बदनाम करने का भी आरोप लगाया।
बनर्जी ने कहा, ‘‘भाजपा जितनी जल्दी सत्ता से बाहर होगी, देश के लिए उतना ही अच्छा होगा…कर्नाटक विधानसभा चुनाव में लोगों को भाजपा को वोट न देकर अपनी पसंद की किसी अन्य पार्टी को वोट देना चाहिए। मुझे खुशी होगी यदि भाजपा का पतन कर्नाटक से शुरू होता है।” मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘भाजपा ने हिंदू धर्म में आध्यात्मिकता को नष्ट कर दिया है।”
दिल्ली पुलिस और प्रदर्शनकारी पहलवानों के बीच जंतर-मंतर पर हाथापाई को लेकर केंद्र पर निशाना साधते हुए बनर्जी ने आश्चर्य जताया कि केंद्र की कितनी टीम वहां भेजी गई है। उन्होंने कहा, ‘‘प्रदर्शनकारी पहलवानों पर कल रात नयी दिल्ली में पुलिस ने हमला किया। कितनी केंद्रीय टीम वहां भेजी गई है? भाजपा को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।”










