बालोद। विधानसभा आम निर्वाचन 2023 हेतु मतदाता सूची तैयार करने के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की बैठक बुधवार को संयुक्त जिला कार्यालय स्थित उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित श्रीवास्तव के कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित श्रीवास्तव के द्वारा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से चर्चा कर बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 अक्टूबर 2023 के संदर्भ में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी किया है। जारी कार्यक्रम अनुसार 25 मई 2023 से 23 जून 2023 तक बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा अपने मतदान केन्द्र क्षेत्र के घर-घर जाकर मतदाता सत्यापन किया जाएगा। निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन 02 अगस्त 2023 को किया जाएगा तथा उसी तिथि से दावा आपत्ति लिया जायेगा। इस दौरान कोई भी नागरिक मतदान केन्द्र में जाकर मतदाता सूची का अवलोकन कर सकेंगे तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज, संशोधन एवं विलोपन कर सकते हैं। उन्होंने बताया की मतदान केन्द्रों में नियुक्त अभिहित अधिकारी के पास उपलब्ध फार्म में नाम जोड़ने के लिए फार्म-6, नाम विलोपित करने के लिए फार्म-7 एवं नाम में प्रविष्टि सुधार, पते में सुधार तथा अन्यत्र स्थान पर स्थानांतरण की दशा में फार्म-8 भर सकते हैं। दावा आपत्ति दिनांक 31 अगस्त 2023 तक प्राप्त किये जायेंगे। उन्होंने बताया कि जिले में तीन विधानसभा क्षेत्रों के लिए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किया गया है।
जिसके अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र 59 संजारी बालोद के लिए शीतल बसल, अनुविभागीय अधिकारी (रा.) बालोद, विधानसभा क्षेत्र 60 डौण्डीलोहारा के लिए मनोज मरकाम, अनुविभागीय अधिकारी (रा.) डौण्डीलोहारा एवं विधानसभा क्षेत्र 61 गुण्डरदेही के लिए श्रीमती रश्मि वर्मा, अनुविभागीय अधिकारी (रा.), गुण्डरदेही को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किया गया है। सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी संबंधित विधानसभा क्षेत्र के तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार तथा नगरपालिका अधिकारी बालोद, नगर पालिका अधिकारी दल्लीराजहरा को नियुक्त किया गया है। श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में किसी भी नागरिक को मतदाता सूची के संबंध में किसी प्रकार की समस्या या शिकायत हो तो निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी या जिला निर्वाचन अधिकारी के पास शिकायत दर्ज करा सकते हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा वोटर हेल्पलाईन एप एवं एनवीएसपी के माध्यम से भी मतदाता सूची से संबंधित आनलाईन आवेदन दिया जा सकता है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित श्रीवास्तव ने बताया की आगामी विधानसभा निर्वाचन के लिए तैयारी प्रारंभ कर दी गई है। निर्वाचन में प्रयुक्त होने वाले ईवीएम तथा वीवीपैट मशीनों की जांच एवं टेस्टिंग कार्य किया जाना है। इसकी प्रारंभिक तैयारी कर ली गई है। ईवीएम और वीवीपैट मशीन का टेस्टिंग कार्य ईसीआईएल हैदराबाद के इंजीनियरों की उपस्थिति में किया जायेगा। लाईवलीहुड कालेज पाकुरभाट में सामग्री वितरण, वापसी केन्द्र, मतगणना केन्द्र तथा स्ट्रांग रूम बनाया जा रहा है। मतदान केन्द्रों का भौतिक सत्यापन, पुनर्गठन का कार्य भी किया जा रहा है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित श्रीवास्तव ने सभी राजनीतिक दलों एवं नागरिकों से अपील की। उन्होंने मतदाता सूची त्रुटि रहित शुद्ध बनाये जाने हेतु मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराकर आगामी चुनाव को सुगम बनाने हेतु सहयोग करने को कहा। बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।








