उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हनुमान जी के अवतार माने जाने वाले नीम करोली बाबा की सबसे बड़ी मूर्ति लगाने का काम जोरों पर है. यह मूर्ति पंचवटी घाट स्थित लेटे हुए हनुमान जी की मंदिर में स्थापित की जाएगी. इस मंदिर के ठीक ऊपर नीम करोली बाबा की मूर्ति स्थापित की जाएगी. इसकी तैयारियां जोरों पर चल रही हैं. जहां पर मूर्ति को स्थापित किया जाना है वहां का पूरा हॉल बन कर तैयार हो चुका है.
मंदिर के कोषाध्यक्ष रिद्धि किशोर कुमार ने बताया कि यह मूर्ति काफी बड़ी होगी. इसकी भव्यता नीम करोली बाबा की दूसरी मूर्तियों से बेहद अलग होगी. अभी तक लखनऊ में नीम करोली बाबा की मूर्ति हनुमान सेतु में ही स्थापित है. अब लेटे हुए हनुमान मंदिर में भी नीम करोली बाबा के होने की वजह से उनके भक्तों को यहां पर भी आने में सुविधा होगी. उन्होंने बताया कि नीम करोली बाबा की जो मूर्ति तैयार की जा रही है उसे राजस्थान के एक जाने-माने मूर्तिकार तैयार कर रहे हैं. उन्होंने यह भी बताया कि यहां पर एक ध्यान केंद्र भी बनाया जाएगा, जिसमें लोग आकर ध्यान केंद्रित कर सकेंगे.
मुख्यमंत्री योगी कर सकते हैं लोकार्पण
नीम करोली बाबा की मूर्ति स्थापना के लिए यहां पर भव्य पंडाल बनाया जा रहा है. बाबा की मूर्ति जहां स्थापित की जाएगी, उस हॉल को खूबसूरत रूप दिया जा रहा है. ताकि नीम करोली बाबा के भक्त यहां आएं, उनकी पूजा करें और साथ में वहां पर बैठ कर कुछ देर अपना ध्यान लगा सकें. नीम करोली बाबा की मूर्ति की स्थापना पूरे विधि विधान से कराई जाएगी. यह भी बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा इसका लोकार्पण किया जा सकता है.
क्यों खास है लेटे हुए हनुमान जी का मंदिर
लखनऊ में लेटे हुए हनुमान जी की एक ही मंदिर है जिसे श्री अहिमर्दन पातालपुरी हनुमान जी कहा जाता है. यह मंदिर मौनी बाबा द्वारा स्थापित की गई थी. यहां पर मौनी बाबा की भी मूर्ति की स्थापना की जा रही है ताकि लोग उनके बारे में भी जाने और यहां पर उनकी भी पूजा कर सकें. इस मंदिर की खासियत है कि यहां पर 108 फीट ऊंचा धर्म ध्वज लगा हुआ है. यह मंदिर गोमती नदी के ठीक किनारे बनी हुई है. कहते हैं यहां पर जो हनुमान जी की मूर्ति स्थापित है, वो स्वयंभू है.











