दुनियाभर में मशरूम की ढेरों वैराइटीज़ पायी जाती है. इनमें से कुछ मशरूम खाने योग्य भी होती हैं और इनमें विटामिन डी भी काफी मात्रा में पाया जाता है. विटामिन डी से भरपूर मशरूम का सेवन शरीर में कैल्शियम की कमी को भी पूरा कर सकता है, जो कि हड्डियों को मजबूत बनाने में काम आता है. बहुत से लोग मशरूम को खाना पसंद करते हैं तो वहीं कुछ लोग इससे दूरी भी बनाकर रखते हैं. हम आपको बता हैं कि स्वाद के मामले में मशरूम को लेकर अलग-अलग राय हो सकती है, लेकिन गुणों के मामले में मशरूम अन्य सब्जियों के मुकाबले कम नहीं है.
मशरूम में पोषक तत्वों का भंडार मौजूद है और इसे डाइट में शामिल करने से हेल्दी रहने में मदद मिल सकती है. हेल्थलाइन की खबर के अनुसार मशरूम में काफी विटामिन डी होता है. ऐसा नहीं है कि मशरूम की सब्जी ही बनाकर खायी जाती है, मशरूम को कई तरीकों से अपनी डाइट में शामिल किया जा सकता है. आइए जानते हैं मशरूम को खाने के आसान तरीके
4 तरीकों से डाइट में शामिल करें मशरूम
1. सूप – खाने के पहले सूप का सेवन शरीर के लिए फायदेमंद होता है. मौसम के हिसाब से अलग-अलग तरह के सूप शरीर को फायदा पहुंचाते हैं. मशरूम से बना सूप भी काफी पसंद किया जाता है. ये सूप स्वादिष्ट होने के साथ ही बेहद गुणकारी भी होता है. शरीर में विटामिन डी की कमी होने पर मशरूम सूप का सेवन किया जा सकता है. मशरूम सूप में अलग-अलग तरह की सब्जियों को भी मिलाया जा सकता है. इससे सूप और भी पौष्टिक हो जाएगा.
2. मशरूम ओट्स दलिया – दलिया शरीर के लिए बेहद फायदेमंद होता है. इसे और भी हेल्दी बनाना है तो इसमें मशरूम को शामिल किया जा सकता है. मशरूम ओट्स दलिया एक हाई प्रोटीन रिच फूड हो जाता है. इसके सेवन से कैल्शियम, प्रोटीन और विटामिन डी की कमी पूरी करने में मदद मिल सकती है. इसे बनाना भी काफी आसान है.
3. फ्राइड मशरूम – मशरूम को फ्राई करके भी खाया जा सकता है. फ्राइड मशरूम का स्वाद भी काफी पसंद किया जाता है. इसे बनाने के लिए पहले मशरूम को धोकर अच्छी तरह से साफ करें और सारी गंदगी निकाल दें. इसके बाद उस पर थोड़ा सा तेल लगाएं और स्वादानुसार नमक और काली मिर्च छिड़क दें. इसके बाद धीमी आंच पर भाप देकर मशरूम को पकाएं. इसे खाने से साथ सेहत के साथ स्वाद का तड़का भी लगेगा.
4. मशरूम की सब्जी – पारंपरिक मशरूम की सब्जी को बनाकर भी खाया जा सकता है. मशरूम की सब्जी बनाना भी काफी आसान है और इसके लिए अन्य सब्जियों की तरह ही तैयारी की जाती है. इसमें अन्य सब्जियों की तरह ही मसाले पड़ते हैं. मशरूम की सब्जी को रोटी, पराठा या नान के साथ बनाकर खाया जाता है.










