नेशनल डेस्कः आगामी विधानसभा चुनाव और साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। सूत्रों से खबर मिल रही है कि भाजपा जल्द ही संगठन में बड़े बदलाव कर सकती है। कई राज्यों के प्रभारी बदले जा सकते हैं। कुछ राज्यों के अध्यक्ष भी बदले जा सकते हैं। सूत्रों ने बताया कि बैठक में केंद्रीय प्रभारियों और प्रभारियों को लेकर चर्चा हुई।
बताते चलें कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और संगठन मंत्री बीएल संतोष के बीच अहम बैठक हुई। इससे पहले सोमवार को भी तीनों नेताओं के बीच करीब दो घंटे बैठक हुई। गौरतलब है कि आने वाले कुछ महीनों में राजस्थान, मध्य प्रदेश, तेलंगाना में विधानसभा चुनाव होने हैं। वहीं, अगले साल मार्च में लोकसभा चुनाव का बिगुल बज सकता है।
लगातार दो विधानसभा चुनावों में मिली करारी शिकस्त
भारतीय जनता पार्टी को हाल ही में दो विधानसभा चुनावों में बड़ी हार का सामना करना पड़ा है। जेपी नड्डा के गृह राज्य हिमाचल में भाजपा सत्ता से बाहर हो गई, जबकि कर्नाटक में भाजपा को बड़ी हार का सामना करना पड़ा है। इसके बाद कयास लगाए जा रहे थे कि जल्द ही भाजपा में बड़े बदलाव हो सकते हैं। कर्नाटक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के धुंआधार प्रचार के बावजूद भाजपा अपनी हार को नहीं टाल सकी। वहीं, हिमाचल में कार्यकर्ताओं ने टिकट वितरण में खामियां की बात कही थी।








