कपूर का पूजा-पाठ में अहम रोल होता है. इसकी गोलियां मांगलिक कार्यों में आरती आदि करने के काम आती हैं. इसको जलाने से घर में सकारात्मकता आती है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि कपूर सेहत के लिए भी फायदेमंद होता है. आयुर्वेद के मुताबिक, इसका इस्तेमाल करने से सर्दी-जुकाम जैसी 4 बड़ी परेशानियों से राहत मिलती है. आइए बीएचयू के आयुर्वेदाचार्य अजय यादव से जानते हैं इसके इसके स्वास्थ्य लाभ.
नेचुरल पेन किलर: कई तरह के शारीरिक दर्द से निजात पाने के लिए कपूर का इस्तेमाल किया जा सकता है. बता दें कि, कपूर में दर्द कम करने वाले गुण पर्याप्त मात्रा में पाए जाते हैं. इसका इस्तेमाल चोट या शरीरिक दर्द से आराम पाने के लिए अलग-अलग चीजों के साथ मिलाकर किया जा सकता है.
एलर्जी दूर करे: कपूर में एलर्जी दूर करने के गुण पाए जाते हैं. कपूर का इस्तेमाल एक्जिमा या एलर्जी की वजह से स्किन पर होने वाली इरिटेशन और खुजली को दूर करने में मदद करता है. इसके अलावा फोड़े-फुंसी और हीट बॉइल्स को ठीक करने के लिए भी कपूर असरदार होता है.
बालों और स्कैल्प ठीक करे: कपूर का इस्तेमाल सिर में होने वाले कई इन्फेक्शन से राहत दिलाता है. बता दें कि, प्रदूषण, गंदगी या फिर मौसम बदलने से सिर की त्वचा में इंफेक्शन्स होने लगते हैं. ऐसे में कपूर का इस्तेमाल बेहद कारगर माना जाता है. इसके अलावा सिर में फोड़े होने पर, जुएं साफ करने या डैंड्रफ होने पर तेल में कपूर मिलाकर बालों में लगाया जा सकता है.
रेस्परेटरी सिस्टम करे दुरुस्त: कपूर में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स के अलावा कई ऐसे तत्व पाए जाते हैं जो श्वसन मार्ग में जमा गंदगी और बलगम को साफ करने का काम करते हैं. इसका इस्तेमाल करने से लंग्स में होने वाली सूजन कम होती है. इसके अलावा यह फेफड़ों और श्वसन मार्ग से दिक्कतें ठीक करने में असरदार होता है.








