‘कहीं आग लगे…’ जब शाहिद कपूर ने बिगाड़ा 2 एक्ट्रेस का डांस

Spread the love

शाहिद कपूर (Shahid Kapoor) ने ‘इश्क विश्क’ के साथ अपनी फिल्मी पारी शुरू की थी. जिसने बॉक्स ऑफिस पर ठीक-ठाक कमाई की थी. इसके बाद आईं उनकी फिदा, दिल मांगे मोर और दीवाने हुए पागल जैसी फिल्में फ्लॉप साबित हुईं. शाहिद कपूर की किस्मत के दरवाजे ‘विवाह’ फिल्म से खुले थे, जो बॉक्स ऑफिस पर सुपर डुपर हिट रही थी. आज बॉलीवुड के टॉप स्टार्स में शुमार शाहिद कपूर एक शानदार डांसर भी हैं और उन्होंने बतौर बैकग्राउंड डांसर ही अपने करियर की शुरुआत की थी. और तो और बैकग्राउंड डांसर के तौर पर काम करते हुए उन्होंने उस दौर की दो टॉप एक्ट्रेसेस के डांस भी बिगाड़ दिये थे. शाहिद कपूर ने खुद इस घटना का खुलासा किया है.

शाहिद कपूर ने ऐश्वर्या राय, अक्षय खन्ना और अनिल कपूर स्टारर ‘ताल’ के हिट सॉन्ग ‘कहीं आग लगे लग जावे’ में बतौर बैकग्राउंड डांसर काम किया था. गाने में शाहिद कपूर ऐश्वर्या को दुपट्टे में लपेटते नजर आए थे. वहीं करिश्मा कपूर के साथ ‘ले गई’ में भी वह बैकग्राउंड डांसर के तौर पर नजर आए थे. हालांकि, शाहिद का कहना है कि इस गाने से जुड़ी उनकी कोई अच्छी मेमोरी नहीं है. वहीं ऐश्वर्या के साथ ‘कहीं आग लगे लग जावे’ की शूटिंग को वह अपनी जिंदगी का सबसे अच्छा और सबसे बुरा दिन मानते हैं.

Radio Nasha से इस बारे में बात करते हुए शाहिद कपूर ने कहा- ‘दिल तो पागल है के दौरान मैं वाकई बहुत नर्वस था. इस गाने से जुड़ी मेरी कई पसंदीदा यादें नहीं हैं. ‘ले गई’ की शूटिंग के दौरान मेरे बाल बहुत ज्यादा बाउंस कर रहे थे और मैं शॉट खराब कर रहा था. इसलिए मैं बहुत घबरा गया था. मैं तभी श्यामक दावर की मंडली में शामिल ही हुआ था, तो मैं वहां के नौसिखियों में से एक था. मैं हर समय बस नर्वस ही रहता था. मैं घबराया हुआ था कि मैं कहीं चीजें गड़बड़ ना कर दूं.’

‘दिल तो पागल है’ के बाद शाहिद कपूर ‘ताल’ में ऐश्वर्या राय पर फिल्माए गाने ‘कहीं आग लगे लग जावे’ में नजर आए थे. इस गाने में वह ऐश्वर्या को दुपट्टे में लपेटते नजर आए थे. इस गाने की शूटिंग को याद करते हुए शाहिद कहते हैं- ‘ये कोई नहीं जानता, लेकिन उस दिन मेरा एक्सीडेंट हो गया था. उस दिन मैं अपनी मोटरसाइकिल से जा रहा था और उससे गिर गया था. मुझे याद है कि जब मैं सेट पर पहुंचा तो सब मुझे देखकर बहुत घबराए हुए थे कि मुझे क्या हुआ है? उस दिन मेंरे साथ ये हुआ था. मैं इसे अपनी जिंदगी का सबसे बुरा और सबसे अच्छा दिन मानता हूं.’

शाहिद कपूर पिछले दिनों ‘फर्जी’ में नजर आए थे. जिसके साथ उन्होंने अपना ओटीटी डेब्यू किया है. वेब सीरीज में शाहिद के साथ साउथ सिनेमा के सुपरस्टार्स में से एक विजय सेतुपति, राशी खन्ना और काव्या थापड़ जैसे स्टार्स नजर आए थे. अब शाहिद अपनी अपकमिंग रिलीज ‘ब्लडी डैडी’ की तैयारी में जुट गए हैं. अली अब्बास द्वारा निर्देशित ब्लडी डैडी 2011 में आई फ्रेंच फिल्म ‘स्लीपलेस नाइट्स’ की हिंदी रीमेक है. फिल्म में शाहिद कपूर के साथ रॉनित रॉय, संजय कपूर और राजीव खंडेलवाल भी दिखाई देंगे. फिल्म जियो सिनेमा पर 9 जून को रिलीज होगी.

 

Author