नई दिल्ली: फिल्म ‘आदिपुरुष’ (Adipurush) का टीजर जब से रिलीज हुआ है, तब से दर्शक इसे लेकर चर्चा कर रहे हैं. शुरू में, फिल्म को लेकर काफी विवाद हुआ था, पर अब सब सही लग रहा है, फिर भी दर्शकों को एक बात अभी भी खटक रही है. दरअसल, ‘आदिपुरुष’ का जमकर प्रमोशन हो रहा है, पर सैफ अली खान कहीं नजर नहीं आ रहे हैं, जबकि वे फिल्म के बेहद अहम किरदार रावण का रोल निभा रहे हैं. (फोटो साभार: YouTube@Videograb)
सैफ अली खान के प्रमोशनल इवेंट में न आने की वजह से नेटिजेंस अलग-अलग तरह के कयास लगा रहे हैं. कुछ लोगों को लगता है कि मुस्लिम होने की वजह से उन्होंने इवेंट से दूरी बनाई है, क्योंकि अगर वे इवेंट में उपस्थित होंगे, तो उन्हें भी बाकी लोगों की तरह जयश्री राम के नारे लगाने पड़ेंगे.
लोग ‘आदिपुरुष’ के प्रमोशन में सैफ के न होने के कई कारण गिना रहे हैं. एक यूजर का दावा है कि सैफ ने किसी इंटरव्यू में रावण को भला इंसान बताया था, पर वे फिल्म में बिल्कुल अलग नजर आए हैं. लोगों को लगता है कि सैफ की इसी बेबाक बयानी की वजह से मेकर्स किसी तरह का रिस्क लेने से बच रहे हैं.
लोग बता रहे हैं कि सैफ ने फिल्म ‘तानाजी’ के समय कहा था कि फिल्म में इतिहास को तोड़-मरोड़ कर दिखाया गया. उन्होंने आलोचना की थी कि तथ्यों के साथ छेड़छाड़ करके फिल्म बनाने का चलन बहुत खतरनाक है. एक अन्य यूजर सैफ के प्रमोशन से बाहर रहने की वजह बातता है, ‘फिल्म रावण के बारे में नहीं, भगवान राम और सीता के बारे में है, इसलिए वे दूर हैं.’
लोगों को यह भी लगता है कि मेकर्स सैफ को सरप्राइज पैकेज के तौर पर दिखाना चाहते हैं, इसलिए अब तक उनके लुक से पर्दा नहीं उठाया है. ईटाइम्स ने अपनी एक रिपोर्ट में सूत्र के हवाले से बताया था कि सैफ प्रमोशन का हिस्सा नहीं होंगे. मेकर्स फिल्म का ज्यादा प्रमोशन भी नहीं करेंगे. राम का किरदार निभा रहे प्रभास पर ज्यादा फोकस होगा. फिल्म के प्रचार-प्रसार के दौरान सैफ छुट्टी पर रहेंगे. मुमकिन है कि मेकर्स ने किसी विवाद की आशंका से उन्हें प्रमोशन से दूर रखा हो या फिर सैफ अली खान ने खुद प्रमोशन से दूरी बनाकर रहना ही ठीक समझा, पूरा सच तो मेकर्स ही बता सकते हैं. बता दें कि ओम राउत ने ‘आदिपुरुष’ डायरेक्ट की है. 16 जून को रिलीज हो रही ‘आदिपुरुष’ में प्रभास, कृति सेनन के अलावा सनी सिंह, देवदत्त नागे और सैफ अली खान प्रमुख रोल में हैं.









